पंजाब

Ladakh Tragedy: लेह-लद्दाख में ड्यूटी के दौरान पंजाब का जवान बलिदान, ऑक्सीजन की कमी से गई जान

रूपनगर: पंजाब के रूपनगर जिले के घाड़ क्षेत्र स्थित बिंदरख गांव के सेना के जवान सरबजीत सिंह लेह-लद्दाख में ड्यूटी के दौरान बलिदान हो गए। वह सिख रेजिमेंट में तैनात थे और ग्लेशियर क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। जवान के निधन की खबर मिलते ही परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के मुताबिक सेना के अधिकारियों ने सोमवार सुबह फोन के जरिए परिवार को घटना की जानकारी दी। बताया गया कि सरबजीत सिंह का बीती रात ऑक्सीजन की कमी के कारण निधन हो गया। कठिन और ऊंचाई वाले क्षेत्र में तैनाती के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद यह दुखद घटना सामने आई।

जवान के ताऊ और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुखविंदर सिंह ने बताया कि परिवार को सेना की ओर से आधिकारिक सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि सरबजीत सिंह देश की सेवा में पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे।

सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

परिवार को दी गई जानकारी के अनुसार जवान का पार्थिव शरीर चंडीमंदिर से उनके पैतृक गांव बिंदरख लाया जाएगा। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम विदाई के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां की जा रही हैं।

गांव में शोक, लोगों ने दी श्रद्धांजलि

सरबजीत सिंह के बलिदान की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। लोगों ने कहा कि देश ने एक बहादुर सपूत को खो दिया है, जिसकी सेवा और समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।