यमुनानगर में दो जगह ताबड़तोड़ फायरिंग, क्रेन सर्विस स्टेशन में युवक की मौत; सरपंच के घर पर भी बरसीं गोलियां
यमुनानगर: देर रात बदमाशों ने दो अलग-अलग जगहों पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। पहली वारदात जगाधरी के चुना भट्टी इलाके की गंगानगर कॉलोनी में एक क्रेन सर्विस स्टेशन के ऑफिस में हुई, जहां ऋषिपाल की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ मौजूद दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस वारदात की जांच कर ही रही थी कि गांव मुसिंबल में सरपंच के घर पर भी कई राउंड फायरिंग की सूचना मिल गई।
हेलमेट और कपड़े से चेहरा ढककर पहुंचे बदमाश
जानकारी के मुताबिक, देर रात क्रेन सर्विस स्टेशन के ऑफिस में तीन लोग बैठे थे। इसी दौरान हेलमेट पहने और चेहरे को कपड़े से ढके दो बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस के अनुसार, हमलावरों के निशाने पर ऋषिपाल था। फायरिंग में ऋषिपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो लोग घायल हो गए।
वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। ऋषिपाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है।
सरपंच के घर पर भी कई राउंड फायरिंग
पहली वारदात की जांच चल ही रही थी कि गांव मुसिंबल में सरपंच के घर पर फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक, यहां भी कई राउंड गोलियां चलाई गईं। हालांकि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। घर के आंगन में खड़ी कार के शीशे गोलियों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी। दोनों घटनाओं को लेकर इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
दोनों वारदातों के बीच कनेक्शन की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ऋषिपाल की हत्या के पीछे क्या वजह थी और हमलावरों का मकसद क्या था। पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाओं में शामिल बदमाशों के हुलिए में समानता सामने आई है। एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। इसी आधार पर पुलिस दोनों वारदातों के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है।
पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में भी जांच आगे बढ़ा रही है। यमुनानगर में हाल के दिनों में सामने आई फायरिंग की घटनाओं के बीच एक ही रात में दो जगह हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल है।
