5 साल की बेटी की हत्या कर सफेद कपड़े पहनाए, शव फ्रिज में रखा; फिर गुब्बारों से सजे कमरे में पिता ने दी जान
अमरेली: गुजरात के अमरेली जिले के हदीदा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 40 वर्षीय कंस्ट्रक्शन साइट सुपरवाइजर किशोर धनक पर आरोप है कि उसने आर्थिक तंगी के चलते अपनी 5 साल की बेटी हिमांशी की मुंह दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को घर में बच्ची का शव फ्रिज के अंदर मिला, जबकि पिता का शव छत के पंखे से लटका हुआ था। पुलिस को मौके से तीन सुसाइड नोट भी मिले हैं, जिनमें आर्थिक परेशानी का जिक्र किया गया है।
गुब्बारों और मोमबत्तियों से सजाया था कमरा
घटना का खुलासा बुधवार को हुआ, जब किशोर की पत्नी मंजुबेन से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया। बताया गया कि मंजुबेन 14 सितंबर से अपने मायके गई हुई थीं। पति से बात नहीं होने पर उन्होंने अपने भाई को घर भेजा। दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिसके बाद उसे तोड़ा गया। अंदर किशोर पंखे से लटका मिला।
पुलिस ने घर की तलाशी ली तो फ्रिज के अंदर हिमांशी का शव मिला। कमरे का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। कमरे को गुब्बारों, मोमबत्तियों और पतंगों से सजाया गया था। पूजा की मूर्तियों के पास चॉकलेट रखी थीं और फ्रिज पर कागज चिपका था, जिस पर “हैप्पी बर्थडे हिमांशी” लिखा था। हालांकि, घटना वाले दिन बच्ची का जन्मदिन नहीं था।
बच्ची को सफेद कपड़े पहनाकर फ्रिज में रखा
पुलिस के अनुसार, बच्ची को सफेद कपड़े पहनाए गए थे और उसके सिर पर चुनरी रखी गई थी। उसके गले में माला और होंठों पर तुलसी के पत्ते रखे गए थे। जांच में ऐसा प्रतीत हुआ कि पिता ने आत्महत्या करने से पहले बेटी के लिए अंतिम बार जन्मदिन जैसा माहौल तैयार किया था।
राजुला की डीएसपी नयना गोराडिया के अनुसार, किशोर धनक बुधवार को अपनी बेटी के साथ घर पर था। पुलिस का कहना है कि उसने बेटी का मुंह हाथ से दबाकर उसकी हत्या की और फिर शव को फ्रिज में रख दिया।
7.25 लाख रुपये मिलने थे, लेकिन भुगतान नहीं हुआ
पुलिस को किशोर के बिस्तर पर तीन सुसाइड नोट मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, इन नोटों से घटना के पीछे आर्थिक परेशानी की बात सामने आई है। किशोर ने पर्सनल लोन लेकर कंस्ट्रक्शन के काम में पैसे लगाए थे। उसे अपने साथियों से 7.25 लाख रुपये मिलने थे, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण वह आर्थिक संकट में फंस गया था।
पुलिस के मुताबिक, सुसाइड नोट में किशोर ने लिखा कि उसकी मौत के बाद बेटी को किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े, इसलिए उसने उसकी जान ले ली। उसने अपने किए के लिए माफी भी मांगी और यह भी बताया कि बेटी का शव फ्रिज के अंदर गद्दे यानी कुशन लगाकर रखा गया है।
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पिता ने बच्ची की हत्या क्यों की और घटना से पहले क्या-क्या हुआ, इसे लेकर भी पुलिस आगे की जांच कर रही है।
