अन्य राज्य

Karnataka Politics: कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन तय! सिद्धारमैया कल देंगे इस्तीफा, 30 मई को डीके शिवकुमार संभाल सकते हैं मुख्यमंत्री पद

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बुधवार सुबह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय भी मांगा है। इसके साथ ही प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की तस्वीर लगभग साफ मानी जा रही है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार डीके शिवकुमार 30 मई को नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस आलाकमान और कर्नाटक के वरिष्ठ नेताओं के बीच लंबे दौर की बैठक हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार इस बैठक में सिद्धारमैया को पद छोड़ने का संकेत दिया गया। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के साथ हुई बातचीत में सिद्धारमैया की राय को विशेष महत्व नहीं दिया गया, जिसके बाद नेतृत्व परिवर्तन का फैसला लगभग अंतिम रूप में पहुंच गया।

तीन डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा तेज

कर्नाटक में केवल मुख्यमंत्री ही नहीं बल्कि उपमुख्यमंत्री पदों को लेकर भी बड़ा फॉर्मूला तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस सामाजिक और जातीय संतुलन साधने के लिए तीन डिप्टी सीएम बना सकती है। इसमें अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देने की चर्चा है।

संभावित नामों में दलित वर्ग से परमेश्वर और प्रियांक खरगे, ओबीसी वर्ग से यतीन्द्र, लिंगायत समुदाय से एमबी पाटिल और ईश्वर खंड्रे, जबकि अल्पसंख्यक वर्ग से केजे जॉर्ज, यूटी खादर और ज़मीर अहमद खान के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी के बाद ही होगा।

राज्यसभा नहीं जाना चाहते सिद्धारमैया

सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व ने सिद्धारमैया से पद छोड़ने पर विचार करने को कहा था और इस पर केसी वेणुगोपाल को अपनी राय देने के लिए भी कहा गया था। इसके बाद अब उनके इस्तीफे की तैयारी लगभग पूरी मानी जा रही है। जानकारी यह भी सामने आई है कि सिद्धारमैया फिलहाल राज्यसभा जाने के इच्छुक नहीं हैं।

दिल्ली में चली मैराथन बैठक

मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कमरे में अहम बैठक हुई थी। इस बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार मौजूद रहे। बैठक के बाद से ही कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई थीं।

कांग्रेस हाईकमान पर टिकी सबकी नजर

कर्नाटक सरकार में मंत्री एन.एस. बोसराजू ने भी संकेत दिए कि अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा या कैबिनेट में क्या बदलाव होंगे, यह सब शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगले 24 घंटे में पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।