उत्तर प्रदेश

प्रयागराज में भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर पार कर कार से भिड़ी बेकाबू बस, माता-पिता समेत 3 लोगों की मौत

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। हंडिया थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर एक अनियंत्रित बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना हंडिया क्षेत्र के भीस्की गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई। जौनपुर निवासी 60 वर्षीय राकेश त्रिपाठी अपनी पत्नी प्रभावती देवी (58), बेटे राहुल त्रिपाठी और भदोही निवासी 27 वर्षीय शुभम दुबे के साथ कार से भदोही से झूंसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने की दिशा से आ रही एक बस अचानक नियंत्रण खो बैठी।

डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची बस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पेट्रोल पंप के पास बने कट के निकट बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज रफ्तार बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में घुस गई। इसके बाद सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में राकेश त्रिपाठी, उनकी पत्नी प्रभावती देवी और शुभम दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांसें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश त्रिपाठी, प्रभावती देवी और शुभम दुबे को मृत घोषित कर दिया।

वहीं कार में सवार राहुल त्रिपाठी घायल हैं और उनका इलाज जारी है। उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

हादसे के बाद बस चालक फरार

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घायल के बेहतर इलाज की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।