उत्तर प्रदेश

यूपी में गर्मी का प्रचंड कहर, पश्चिमी यूपी में रातें भी झुलसीं; कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

मेरठ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों के लिए गंभीर लू का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गर्म पछुआ हवाओं के सक्रिय होने से मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है और दिन के साथ अब रातें भी झुलसाने लगी हैं।

प्रदेश के करीब 21 प्रमुख शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार विकिरणीय उष्मन बढ़ने से हालात और गंभीर हो गए हैं, जिसके चलते दक्षिणी उत्तर प्रदेश के लिए रेड वार्निंग और राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है।

पश्चिमी यूपी में ‘वार्म नाइट’ का अलर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा और फिरोजाबाद में अब रातों में भी राहत नहीं मिल रही है। इन क्षेत्रों में ‘वार्म नाइट’ यानी उष्ण रात्रि का अलर्ट जारी किया गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे रात के समय भी उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं।

भीषण लू का रेड और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने कई जिलों को रेड अलर्ट जोन में रखा है, जिनमें बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी शामिल हैं। इन इलाकों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

वहीं कौशांबी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर नगर-देहात, रायबरेली, औरैया और ललितपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार पूरे उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म पछुआ हवाएं चल रही हैं। कई स्थानों पर इन हवाओं की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।

मेरठ में गर्मी ने तोड़े कई रिकॉर्ड

मेरठ में गर्मी का इतिहास भी इस बार के हालात की गंभीरता को दर्शाता है। 1951 से 2025 के बीच शहर में छह बार तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। 9 मई 1973 को मेरठ में सर्वाधिक 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, जो अब तक का रिकॉर्ड है।

इसके अलावा 19 मई 1978 को 45.7, 31 मई 1962 को 45.6, 12 मई 1975 को 45.5, 27 मई 1966 को 45.4 और 8 मई 1974 को 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था। हाल के वर्षों में भी मई 2024 और मई 2020 में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है।

रातें भी बनीं रिकॉर्ड तोड़ गर्म

मेरठ में केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब असामान्य रूप से गर्म हो रही हैं। पिछले 56 वर्षों में आठ बार रात का तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। 27 मई 2000 को 32 डिग्री सेल्सियस के साथ अब तक की सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई थी।

25 मई तक राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 मई तक तेज लू चलती रहेगी। इस दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने और दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।