मध्य प्रदेश

मूंग खरीदी को लेकर हरदा में किसानों का हल्लाबोल, नेशनल हाईवे-47 जाम; हजारों किसान सड़क पर डटे

हरदा: समर्थन मूल्य पर शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर मध्य प्रदेश के हरदा में किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। आम किसान यूनियन के नेतृत्व में किसानों ने बुधवार दोपहर इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे-47 पर पिड़गांव के पास चक्काजाम शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में किसान सड़क पर बैठ गए हैं और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।

किसानों ने हाईवे पर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग पर अड़े किसान

आंदोलन में विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए हैं। किसान नेताओं का कहना है कि यदि सरकार ने सभी किसानों की मूंग की खरीद सुनिश्चित नहीं की तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

किसान नेता डॉ. जगदीश सारण ने कहा कि किसानों की फसल समर्थन मूल्य पर पूरी तरह नहीं खरीदी गई तो लाखों रुपये का नुकसान होगा। इसी वजह से आंदोलन को अनिश्चितकाल तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

हाईवे पर बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

किसानों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि नेशनल हाईवे पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन किसान नेताओं से लगातार बातचीत कर रहा है ताकि चक्काजाम समाप्त कराया जा सके।

मौके पर एसडीएम अशोक डेहरिया, तहसीलदार महेंद्र सिंह चौहान, एसडीओपी शालिनी परस्ते समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद हैं।

भारी वाहनों के लिए बदला गया रूट

आंदोलन के कारण इंदौर से हरदा और खंडवा जाने वाले भारी वाहनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। ऐसे वाहन अब संदलपुर फाटा, दीपगांव, बोरधा, गोपालपुर, इटारसी मार्ग और बड़ी-छोटी छीपानेर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

वहीं इंदौर से नर्मदापुरम और बैतूल जाने वाले भारी वाहनों को संदलपुर फाटा, भैरूंदा, रेहटी, सलकनपुर, बुधनी और नर्मदापुरम होकर भेजा जा रहा है। हरदा से इंदौर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

हल्के वाहनों के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था

प्रशासन ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग रूट प्लान लागू किया है। इंदौर से हरदा आने-जाने वाले हल्के वाहन अबगांव कला नहर मार्ग, भुन्नास, अबगांव खुर्द और छीपानेर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।