दिल्ली

‘चलो संसद मार्च’ में पैलेट गन चलाने के दावे पर दिल्ली पुलिस का फेक न्यूज अलर्ट, आरोपों को बताया पूरी तरह भ्रामक

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलाने के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से लगाए गए आरोपों को भ्रामक बताते हुए सोशल मीडिया पर ‘फेक न्यूज अलर्ट’ जारी किया और लोगों से केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी की पुष्टि करने की अपील की।

सीजेपी ने लगाया था पैलेट गन चलाने का आरोप

मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन से फायरिंग की। पोस्ट में एक अस्पताल में भर्ती घायल व्यक्ति का वीडियो भी साझा किया गया, जिसमें दावा किया गया कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट लगने से वह घायल हुआ।

दिल्ली पुलिस ने जारी किया फेक न्यूज अलर्ट

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर फेक न्यूज अलर्ट जारी किया। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन के इस्तेमाल की खबरें पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं तथा ऐसी सूचनाओं का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।

बिना पुष्टि जानकारी साझा न करने की अपील

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा या प्रसारित न करें। पुलिस ने कहा कि किसी भी सूचना को पोस्ट या फॉरवर्ड करने से पहले उसकी पुष्टि केवल आधिकारिक स्रोतों से ही की जानी चाहिए।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

झड़प में कई लोग हुए थे घायल

उल्लेखनीय है कि सोमवार को ‘चलो संसद’ प्रदर्शन के दौरान राजधानी में हुई झड़प में कम से कम 60 प्रदर्शनकारी और 118 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।