CM योगी का ताबड़तोड़ दौरा, शामली-बिजनौर-गाजियाबाद को मिलेंगी 2500 करोड़ की सौगात; विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के तीन जिलों—शामली, बिजनौर और गाजियाबाद—का दौरा करेंगे। इस दौरान वह करीब 2500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री सात विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देने के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे।
शामली में 581 करोड़ से अधिक की 89 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री सबसे पहले शामली पहुंचेंगे, जहां शामली, कैराना और थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान कैराना में राज्य कर विभाग के कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय और थानाभवन में राजकीय महिला आईटीआई सहित कई परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी।
बिजनौर में 1003 करोड़ से अधिक की 76 परियोजनाओं की सौगात
इसके बाद मुख्यमंत्री बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। यहां 1003 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 76 परियोजनाओं की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, राजकीय नर्सिंग कॉलेज और छात्रावास का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा रामबाग रोड पर कल्याण मंडपम के निर्माण कार्य का लोकार्पण और विदुर कुटी स्थल के समेकित पर्यटन विकास कार्य का शिलान्यास भी करेंगे।
गाजियाबाद में 868 करोड़ से अधिक की 90 परियोजनाओं की शुरुआत
शाम को मुख्यमंत्री गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह तेजपाल त्यागी कुशपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज, मुरादनगर में पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
इसके अलावा 47वीं वाहिनी पीएसी परिसर में जवानों के लिए नई बैरकों का लोकार्पण, विभिन्न पेयजल योजनाओं का शुभारंभ तथा गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन और पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण सहित कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। वह शासन, प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा के सुरक्षित और सुचारु संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
