उत्तराखंड

खटीमा में CM धामी का बड़ा विकास पैकेज, 89 लाख की योजनाओं का लोकार्पण; युवाओं और छात्रों को मिली नई सौगात

खटीमा: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने खटीमा दौरे के दौरान क्षेत्र को विकास की कई नई सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने विकासखंड कार्यालय परिसर में लगभग 89 लाख रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, व्यायामशाला भवन का नवीनीकरण और विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और युवा सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इसी दिशा में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

दीदी की लाइब्रेरी बनेगी युवाओं के सपनों का केंद्र

मुख्यमंत्री धामी ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी” का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह पुस्तकालय छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।

उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह लाइब्रेरी विद्यार्थियों को शांत और अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगी, जिससे वे बेहतर तरीके से अपने लक्ष्य की तैयारी कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में यह लाइब्रेरी उनके लिए बड़ी मदद साबित होगी। यहां उपलब्ध पुस्तकें और अध्ययन सामग्री युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी में सहायता प्रदान करेंगी।

महिला सशक्तिकरण को भी मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में “दीदी की लाइब्रेरी” का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इससे महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगी।

आधुनिक व्यायामशाला से फिटनेस को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने 7.50 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत और आधुनिकीकृत व्यायामशाला भवन का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और आधुनिक सुविधाओं से लैस यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस और खेलकूद के प्रति जागरूक करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक व्यायामशाला युवाओं को नियमित व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करेगी।

सभागार के आधुनिकीकरण से बढ़ेंगी सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विकास की नई संभावनाओं को गति मिलेगी।

खटीमा के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास करती रहेगी।

इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।