उत्तर प्रदेशलखनऊ

अंकित बालियान की हत्या के पीछे क्या थी वजह? पुलिस एनकाउंटर में दो शूटर ढेर, शामली एसपी ने खोला राज

शामली: हरियाणी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो शूटरों को मार गिराया है। पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या चार शूटरों ने मिलकर की थी, जबकि वारदात की साजिश राहुल उर्फ भोलू ने रची थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या के पीछे एक पुराने गाने और बालियान गोत्र को लेकर पैदा हुआ शक मुख्य वजह बना। मुठभेड़ के दौरान दो सिपाही भी घायल हुए हैं।

पुलिस ने कैसे दो शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 26 तारीख को गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर नाकाबंदी की गई और रात 12 बजे से सुबह तक लगातार जांच अभियान चलाया गया।

एसपी के मुताबिक, रात करीब साढ़े तीन बजे एक थाना प्रभारी जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक गाड़ी में दो युवक वहां पहुंचे। गाड़ी का नंबर बागपत का था। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस दल और वाहन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वे कोतवाली की ओर भागने लगे।

गौतम पुल के पास कोतवाली के थाना प्रभारी भी जांच कर रहे थे। उन्होंने भी बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी गोलियां चला दीं, जिससे पुलिस वाहन का शीशा टूट गया। पुलिस को सामने देखकर दोनों बदमाश शहर की ओर भागने लगे। पीछा किए जाने पर उन्होंने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी मारे गए।

हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे दोनों आरोपी

मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी सुमित और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या में कुल चार शूटर शामिल थे। जांच के दौरान पुलिस को वारदात से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

राहुल उर्फ भोलू ने रची थी हत्या की साजिश

पुलिस जांच में हत्याकांड के पीछे गैंगवार से जुड़ा पहलू भी सामने आया है। एसपी के मुताबिक, कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े राहुल उर्फ भोलू ने अंकित बालियान की हत्या की साजिश तैयार की थी। उसी ने शूटरों से संपर्क किया और उन्हें पैसे व हथियार उपलब्ध कराए।

पुलिस के अनुसार, चारों शूटर अलग-अलग रास्तों से शामली पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने अंकित बालियान पर गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी। भोलू ने स्नैपचैट के जरिए शूटरों से संपर्क किया था और उन्हें शामली भेजने की व्यवस्था की थी। शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया कि शूटरों को यहां पहुंचने के बाद दो अन्य लोगों से मिलना था।

पुराने गाने और बालियान गोत्र को लेकर पैदा हुआ था शक

एसपी ने बताया कि अंकित बालियान ने करीब साढ़े तीन साल पहले एक गाना जारी किया था, जिसमें उसने अभिनय भी किया था। गाने के बोल में अदालत में गोली चलने और जज के पसीना आने का जिक्र था।

पुलिस के मुताबिक, गोगी गैंग के लोगों को शक था कि यह गाना कुख्यात गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया के संदर्भ में बनाया गया था। टिल्लू ताजपुरिया भी बालियान गोत्र से था और उसकी तिहाड़ जेल में हत्या कर दी गई थी।

गैंग से जुड़े लोगों को संदेह था कि अंकित बालियान का टिल्लू ताजपुरिया से किसी तरह संबंध था और इसी कारण उसने वह गाना बनाया। उनका मानना था कि गाने के जरिए उनके लोगों का अपमान किया गया है। हालांकि, अंकित बालियान ने एक इंटरव्यू में साफ कहा था कि उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, हरियाणा का नहीं।

दिल्ली में अंकित बालियान को मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी

पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान जब दिल्ली घूमने गया था और कनॉट प्लेस में मौजूद था, तब उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। उसे कहा गया था कि उसने अच्छा नहीं किया है और उसकी हत्या कर दी जाएगी। धमकी मिलने के बाद अंकित डर गया था, हालांकि समय बीतने के साथ मामला शांत हो गया था।

पुलिस जांच के मुताबिक, राहुल उर्फ भोलू ने शूटरों को पैसे और पिस्टल उपलब्ध कराई थी। उन्हें शामली पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जहां दो अन्य लोगों से उनकी मुलाकात होनी थी। अब पुलिस हत्याकांड से जुड़े बाकी आरोपियों और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।