इंदौर के रेस्टोरेंट में मोमोज में रेंगती मिलीं इल्लियां, शिकायत के बाद फूड विभाग ने जारी किया नोटिस
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। सी-21 मॉल के पीछे डायमेंशन फर्निचर के सामने स्थित एक रेस्टोरेंट में ग्राहकों को परोसे गए मोमोज में इल्लियां मिलने का आरोप लगाया गया है। मामला सामने आने के बाद ग्राहक ने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट पहुंचकर जांच की और प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
बताया गया कि शुक्रवार शाम दीपक मीणा अपने दोस्तों के साथ नाश्ता करने रेस्टोरेंट पहुंचे थे। उन्होंने वहां मोमोज का ऑर्डर दिया। प्लेट टेबल पर आने के बाद मोमोज में इल्लियां रेंगती दिखाई देने का दावा किया गया। यह देखकर ग्राहक हैरान रह गए और उन्होंने तत्काल रेस्टोरेंट प्रबंधन के सामने शिकायत दर्ज कराई।
दीपक मीणा के मुताबिक, उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक सिद्धार्थ मालवीय और कर्मचारी सोनू पाल से इस मामले को लेकर सवाल किया। आरोप है कि कर्मचारी ने यह कहते हुए जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया कि मोमोज रेस्टोरेंट में तैयार नहीं किए जाते हैं। इसको लेकर ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई।
फ्रोजन मोमोज की बास्केट में भी इल्लियां मिलने का दावा
मामला सामने आने के बाद ग्राहकों ने रेस्टोरेंट में रखी फ्रोजन मोमोज की बास्केट की भी जांच की। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसमें रखे अन्य मोमोज में भी इल्लियां दिखाई दीं। इसके बाद मौके पर फोटो और वीडियो बनाए गए और पूरे मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को दी गई।
शिकायत में रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और गुणवत्ता की विस्तृत जांच कराने की मांग की गई। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन सामने आने पर रेस्टोरेंट को सील करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत के साथ फोटो, वीडियो और रेस्टोरेंट की लोकेशन भी विभाग को उपलब्ध कराई गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच
सीनियर फूड इंस्पेक्टर मनीष स्वामी ने फोन पर बताया कि विभाग को रेस्टोरेंट के खिलाफ शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष टीम मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट की जांच की। जांच के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।
अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल दुकानदार रेस्टोरेंट नहीं खोल रहा है और विभाग नोटिस के जवाब का इंतजार कर रहा है। संचालक की ओर से दिए जाने वाले जवाब और विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इसी जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किस स्तर तक हुआ है। मोमोज में इल्लियां मिलने के आरोप के बाद इंदौर में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, रखरखाव और गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं।
