छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट जैसा खतरा! अगले 48 घंटे झमाझम बरसेंगे बादल, 6 मौतों से बढ़ी चिंता

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं और अनेक इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस बीच गरियाबंद जिले में उफनते नाले में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि मंगलवार को बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई।

गरियाबंद में नाला पार करते समय बहा व्यक्ति

गरियाबंद जिले के सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) सरगी नाला पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों के अनुसार वह नशे की हालत में थे। घटना के बाद उनका शव घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर खुटेरी गांव के पास बरामद किया गया।

नदी किनारे रहने वालों को प्रशासन की चेतावनी

सिकासार बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने पैरी नदी के किनारे बसे लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मंगलवार को बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में तीन ग्रामीणों, सूरजपुर में एक किसान और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में एक महिला मजदूर की मौत हो गई। इन घटनाओं में कुल 11 लोग घायल भी हुए हैं।

दो दिन से लापता पूर्व सरपंच और पत्नी की तलाश जारी

सारंगढ़-बरमकेला क्षेत्र के लाट नाले में बह गई कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। दोनों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

लगातार बारिश के कारण गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। खोलापारा नाले के ऊपर से पानी बहने के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार ने नाला पार करने की कोशिश की, लेकिन वह तेज बहाव में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जलभराव के कारण आमामोरा, ओढ़, कुकरार और नगरार गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है।

अगले दो दिन भारी बारिश का दौर जारी रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। विभाग ने अगले दो दिनों तक कई जिलों में भारी वर्षा का अनुमान जताया है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

ओडिशा के गहरे दबाव से बढ़ा बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ओडिशा और आसपास बना गहरा दबाव अब छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। यह प्रणाली अगले 24 घंटे में उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगी। सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है, जिससे कई इलाकों में तेज बारिश का सिलसिला बना रहने की संभावना है।