इंस्टाग्राम से शुरू हुई मोहब्बत का खौफनाक अंत! शादी का दबाव पड़ा भारी, झारखंड से बुलाकर प्रेमिका का गला रेत डाला
आरा: बिहार के भोजपुर जिले में प्रेम संबंध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका को झारखंड से मिलने के बहाने बिहार बुलाया और शादी का दबाव बनने पर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की, लेकिन तकनीकी जांच और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में झारखंड निवासी युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सिट्टू यादव उर्फ मंजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। वह पड़रिया गांव निवासी योगेंद्र सिंह का पुत्र है। पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर उसे गड़हनी इलाके से गिरफ्तार किया गया।
शादी के दबाव में की हत्या, पुलिस का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने मिलने के बहाने उसे अपने गांव बुलाया और धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गांव के बधार स्थित करहा में फेंक दिया। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
29 जून को मिला था युवती का शव
पुलिस के अनुसार 29 जून की सुबह चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव के बधार स्थित करहा से एक युवती का शव बरामद हुआ था। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक राज ने मंगलवार को प्रेस बयान जारी कर आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की।
झारखंड की रहने वाली थी युवती
शव मिलने के समय युवती का चेहरा और शरीर काफी हद तक सड़-गल चुका था। अगले दिन 30 जून को उसकी पहचान झारखंड के गोड्डा जिले निवासी गुलाबी मंडल की 19 वर्षीय बेटी अंजू कुमारी के रूप में हुई। इसके बाद युवती के पिता ने चरपोखरी थाने में प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपी सिट्टू यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोनों की पहचान
प्राथमिकी के अनुसार करीब दो महीने पहले अंजू कुमारी की इंस्टाग्राम के जरिए सिट्टू यादव से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि 26 जून की सुबह आरोपी के बुलाने पर युवती बिना किसी को बताए अपने घर से बिहार के लिए निकल गई थी।
घर नहीं लौटी तो शुरू हुई तलाश
परिजनों के मुताबिक शाम तक युवती के घर नहीं लौटने पर उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में 29 जून की शाम गोड्डा थाना पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है और उसका शव आरा सदर अस्पताल में रखा गया है। इसके बाद परिजन आरा पहुंचे और आरोपी पर झारखंड से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया।
