छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर जारी! अगले 48 घंटे भारी बरसात का अलर्ट, 6 लोगों की मौत; कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश से कई नदी-नाले उफान पर हैं और अनेक क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस बीच गरियाबंद जिले में उफनते नाले में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि मंगलवार को बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई।
गरियाबंद में उफनते नाले में बहा व्यक्ति
गरियाबंद जिले के सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) सरगी नाला पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों के अनुसार वह नशे की हालत में थे। उनका शव घटना स्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर खुटेरी गांव के पास बरामद किया गया।
नदी किनारे रहने वालों के लिए प्रशासन की चेतावनी
सिकासार बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने पैरी नदी के किनारे बसे लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मंगलवार को बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में तीन ग्रामीणों, सूरजपुर में एक किसान और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में एक महिला मजदूर की मौत हो गई। इन घटनाओं में 11 लोग घायल भी हुए हैं।
दो दिन से लापता पूर्व सरपंच और उनकी पत्नी की तलाश जारी
सारंगढ़-बरमकेला क्षेत्र के लाट नाले में बह गई कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। दोनों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
बारिश से कई गांवों का संपर्क प्रभावित
लगातार बारिश के कारण गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। खोलापारा नाले के ऊपर से पानी बहने के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार ने नाला पार करने की कोशिश की, लेकिन वह तेज बहाव में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जलभराव के कारण आमामोरा, ओढ़, कुकरार और नगरार गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है।
अगले दो दिन भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। विभाग ने अगले दो दिनों तक कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
ओडिशा के गहरे दबाव का दिख रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि ओडिशा और आसपास बने गहरे दबाव का प्रभाव अब छत्तीसगढ़ में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। यह प्रणाली अगले 24 घंटे में उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगी। सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है, जिससे कई क्षेत्रों में तेज बारिश की स्थिति बनी हुई है।
