राजस्थान

राजस्थान में फिर मेहरबान हुआ मानसून! टोंक में 4 इंच बारिश, अब 22 जिलों पर अलर्ट; अगले कई दिन झमाझम के आसार

जयपुर: राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान टोंक, झालावाड़, भरतपुर, जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा समेत कई जिलों में 1 से 4 इंच तक बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 101 मिमी बारिश टोंक में रिकॉर्ड हुई, जबकि झालावाड़ के झालरापाटन में 87 मिमी पानी बरसा। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 22 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 30 और 31 जुलाई को उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बदला मौसम

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के पास सक्रिय है। मानसून ट्रफ भी सामान्य स्थिति में इसी सिस्टम तक पहुंच रही है। इसके प्रभाव से राजस्थान में मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहेगा और 2 अगस्त तक अधिकांश जिलों में वर्षा की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

टोंक में सबसे ज्यादा बरसात, कई जिलों में अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों में टोंक में 101 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा भरतपुर, सीकर, भीलवाड़ा, अलवर, चित्तौड़गढ़, नागौर, करौली, कोटा, राजसमंद और सवाई माधोपुर में भी अच्छी बारिश हुई। धौलपुर के बसेड़ी और सैंपऊ क्षेत्र में तेज बारिश के कारण कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

बारिश से तापमान में आई राहत

बारिश का असर प्रदेश के तापमान पर भी दिखाई दिया। जयपुर, चित्तौड़गढ़, सीकर, अलवर, चूरू, करौली, दौसा और पिलानी समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। हालांकि उत्तर राजस्थान में दिन के समय मौसम साफ रहने से गर्मी का असर बना रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, लेकिन शाम होते-होते वहां भी बारिश शुरू हो गई।

जयपुर में दिनभर छाए रहे बादल

राजधानी जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। शहर के जेएलएन मार्ग पर 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी वर्षा हुई, जहां जालसू में 25 मिमी, आमेर में 18 मिमी, बस्सी में 16 मिमी और सांभर में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कोटा और उदयपुर में भी बदला मौसम

कोटा में सुबह धूप रहने के बाद दोपहर में मौसम बदला और करीब एक घंटे तक अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई। शहर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उदयपुर शहर में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। सोमवार रात झाड़ोल क्षेत्र के ओगणा में अच्छी बारिश के बाद आसपास का मौसम सुहावना हो गया। उदयपुर का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अलवर में पानी में फंसी स्कूल बस, सीकर-अजमेर में भी बारिश के आसार

अलवर जिले में लगातार बारिश के कारण सिलीसेढ़ और राजगढ़ क्षेत्र की सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। इस दौरान एक स्कूल बस भी पानी में फंस गई, हालांकि सभी बच्चे सुरक्षित रहे। वहीं सीकर में दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई और लक्ष्मणगढ़ में 51 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सीकर और अजमेर में अगले दो दिनों तक तेज बारिश की संभावना जताई है। अजमेर में फिलहाल बारिश नहीं हुई, लेकिन आगामी दिनों में अच्छी वर्षा का अनुमान है।

अगस्त की शुरुआत भी रहेगी बारिश वाली

मौसम विभाग के अनुसार जुलाई के अंतिम दिनों से लेकर अगस्त की शुरुआत तक प्रदेश में मानसून सक्रिय बना रहेगा। विशेष रूप से उदयपुर, कोटा और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नदी-नालों में उफान और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।