NEET मुद्दे पर शिमला में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, CM सुक्खू ने केंद्र पर बोला हमला; राहुल-प्रियंका की हिरासत का किया विरोध
शिमला: नीट छात्रों पर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को शिमला में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वयं पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धरने में शामिल होकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में ज्ञापन भी सौंपा।
सीएम सुक्खू ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
लोक भवन के बाहर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इस मामले में 20 से अधिक युवाओं ने आत्महत्या की है।
राहुल-प्रियंका की हिरासत पर जताया विरोध
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों की मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे थे, लेकिन उन्हें और प्रियंका गांधी वाड्रा को जबरन हिरासत में लिया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए इसकी आलोचना की।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि युवाओं की मौत के लिए केंद्र सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामले वापस लेने की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं की जायज मांगों के प्रति दमनकारी रवैया अपना रही है। उन्होंने नीट छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन करने वाली सोनम सहित अन्य युवाओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग भी की।
कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित कई विधायक, पूर्व विधायक, बोर्ड एवं निगमों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
