यूपी सरकार का बड़ा कदम! अब एक ही पोर्टल पर मिलेगी नौकरी, तकनीकी छात्रों और कंपनियों के बीच होगा सीधा कनेक्शन
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए केंद्रीकृत ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट पोर्टल शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से अब छात्रों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और उद्योगों को एक ही डिजिटल मंच पर जोड़ा जाएगा। इससे नौकरी की तलाश, भर्ती प्रक्रिया और प्लेसमेंट प्रबंधन अधिक सरल, पारदर्शी और तेज होगा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने किया पोर्टल का शुभारंभ
मंगलवार को प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय से केंद्रीकृत ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट पोर्टल का शुभारंभ किया। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य तकनीकी छात्रों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उद्योगों के लिए योग्य उम्मीदवारों तक पहुंच आसान बनाना है।
कंपनियां सीधे अपलोड करेंगी नौकरी की रिक्तियां
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के सहयोग से विकसित इस पोर्टल पर कंपनियां अपनी रिक्तियां सीधे अपलोड कर सकेंगी। नौकरी से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां, जैसे पद का विवरण, पात्रता, आवेदन की अंतिम तिथि और कंपनी का परिचय भी उपलब्ध रहेगा।
छात्र अपनी प्रोफाइल और रिज्यूमे तैयार कर विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रिक्तियों को देख सकेंगे तथा पात्रता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
उद्योगों के लिए अलग डैशबोर्ड की सुविधा
पोर्टल पर उद्योगों के लिए अलग डैशबोर्ड तैयार किया गया है। इसके माध्यम से कंपनियां पंजीकरण कर अपनी प्रोफाइल बना सकेंगी, नई भर्तियों की सूचना जारी कर सकेंगी और आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की जानकारी देख सकेंगी।
कंपनियों को आवश्यकता के अनुसार योग्य उम्मीदवारों के रिज्यूमे फिल्टर कर डाउनलोड करने की सुविधा भी मिलेगी, जिससे चयन प्रक्रिया अधिक आसान होगी।
छात्र बना सकेंगे प्रोफेशनल रिज्यूमे
पोर्टल पर छात्रों के लिए प्रोफेशनल रिज्यूमे तैयार करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसमें छात्र अपनी शैक्षिक योग्यता, व्यक्तिगत विवरण, सेमेस्टर और वर्षवार उपलब्धियां, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप तथा कार्य अनुभव दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद वे सीधे उपलब्ध नौकरियों के लिए आवेदन कर पाएंगे।
संस्थानों को भी मिलेगा प्लेसमेंट प्रबंधन का लाभ
तकनीकी संस्थान और विश्वविद्यालय भी इस पोर्टल के माध्यम से प्लेसमेंट गतिविधियों का प्रबंधन कर सकेंगे। संस्थान नौकरी संबंधी सूचनाएं साझा करने, चयनित छात्रों का रिकॉर्ड देखने, विद्यार्थियों के रिज्यूमे एक्सपोर्ट करने और प्लेसमेंट का पूरा डेटा सुरक्षित रखने की सुविधा का उपयोग कर सकेंगे। पहले हुए प्लेसमेंट का रिकॉर्ड भी पोर्टल पर अपडेट किया जा सकेगा।
एक लाख से अधिक छात्रों का हुआ पंजीकरण
सरकार के अनुसार वर्तमान में इस पोर्टल पर 35 कंपनियां पंजीकृत हैं, जबकि तकनीकी संस्थानों के 1.27 लाख विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जा चुका है। साथ ही कॉलेजों को प्लेसमेंट के बाद चयनित छात्रों का विवरण भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
