PG Admission 2026: सीएमपी डिग्री कॉलेज ने जारी की पीजी मेरिट लिस्ट, इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने 4 पाठ्यक्रमों का नया कटऑफ भी घोषित किया
प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक सीएमपी डिग्री कॉलेज ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के परास्नातक (पीजी) प्रवेश के लिए मेरिट सूची जारी कर दी है। निर्धारित मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 22 जुलाई को होगी। वहीं, इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने भी पीजी के चार पाठ्यक्रमों के लिए नया कटऑफ जारी करते हुए चयनित अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और दस्तावेज अपलोड की तिथियां घोषित कर दी हैं।
सीएमपी कॉलेज ने विषयवार जारी किया कटऑफ
कॉलेज प्रशासन के अनुसार विभिन्न विषयों के लिए अलग-अलग कटऑफ निर्धारित किया गया है। सामान्य वर्ग में प्राचीन इतिहास के लिए 158 या उससे अधिक, अर्थशास्त्र 100, शिक्षाशास्त्र 70, अंग्रेजी 155, हिंदी 140, भूगोल 160, मध्यकालीन इतिहास 140, राजनीति विज्ञान 160, समाजशास्त्र 130, वनस्पति विज्ञान 137, रसायन विज्ञान 122, भौतिक विज्ञान 117, गणित 132 और प्राणी विज्ञान के लिए 205 अंक का कटऑफ तय किया गया है।
इसके अलावा एमकॉम के लिए 138, एलएलएम के लिए 148 तथा एलएलबी के लिए 170 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
आरक्षित वर्ग के लिए भी जारी किए गए अलग मानदंड
कॉलेज की ओर से जारी सूचना के मुताबिक कई विषयों में अनुसूचित जनजाति वर्ग के सभी पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया गया है। वहीं भौतिक विज्ञान और एमकॉम में अनुसूचित जाति वर्ग के सभी अभ्यर्थी पात्र माने जाएंगे। एलएलएम में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 120 या उससे अधिक तथा एलएलबी में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 150 या उससे अधिक अंक निर्धारित किए गए हैं।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने चार पीजी पाठ्यक्रमों का नया कटऑफ किया जारी
इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पीजी प्रवेश प्रक्रिया के तहत चार पाठ्यक्रमों के लिए नया कटऑफ जारी किया है। चयनित अभ्यर्थी 22 जुलाई से ऑनलाइन पंजीकरण और दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। पंजीकरण की अंतिम तिथि 23 जुलाई को दोपहर 2 बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम समय-सीमा उसी दिन शाम 5 बजे तक रहेगी।
एमए उर्दू और एमडीएस का कटऑफ
एमए उर्दू में अनारक्षित वर्ग के लिए 100.3 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। इसके साथ ही सभी ओबीसी और सभी ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को भी इस चरण में प्रवेश प्रक्रिया के लिए आमंत्रित किया गया है।
एमडीएस (डेवलपमेंट स्टडीज) में अनारक्षित वर्ग के लिए 141.1 या उससे अधिक, ओबीसी के लिए 141 या उससे अधिक, अनुसूचित जाति के लिए 94 या उससे अधिक तथा ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 106.2 या उससे अधिक अंक निर्धारित किए गए हैं।
एमएससी और एमटेक का नया कटऑफ भी घोषित
एमएससी (मैटेरियल्स साइंस) में अनारक्षित वर्ग के लिए 97, ओबीसी के लिए 88, अनुसूचित जाति के लिए 80, अनुसूचित जनजाति के लिए 75 तथा ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 92 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
वहीं एमटेक (अर्थ सिस्टम साइंस) पाठ्यक्रम के लिए अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 96 या उससे अधिक अंक निर्धारित किया गया है।
