उत्तर प्रदेशलखनऊ

UP Weather Alert: लखनऊ समेत 24 जिलों में भारी बारिश का खतरा, अगले 3 दिन बरसेंगे बादल; प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। लखनऊ समेत 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 31 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

22 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। हवा के कम दबाव वाले क्षेत्र के कमजोर पड़ने के बाद भी मानसूनी प्रवाह मजबूत बना हुआ है। इसी को देखते हुए प्रदेश में 22 जुलाई तक कहीं अत्यधिक बारिश तो कहीं भारी वर्षा होने का अनुमान जताया गया है।

इन 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, शामली, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और कासगंज समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

लखनऊ में बारिश जारी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह से बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसके बाद शाम को तेज बारिश हुई और देर रात तक सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा करने की सलाह दी है।

बलरामपुर में बारिश से बढ़ी परेशानी

बलरामपुर जिले में लगातार बारिश के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गैसड़ी क्षेत्र में रतनपुर रेलवे अंडरपास में पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं महराजगंज तराई क्षेत्र में बरगदही-बलदेवनगर संपर्क मार्ग बाढ़ के कारण कट गया है, जिससे करीब पांच हजार लोगों का संपर्क प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मानसूनी ट्रफ लाइन सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी ट्रफ लाइन इस समय मजबूत स्थिति में है। यह श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची और सागर द्वीप होते हुए उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।