दिल्ली

‘मैं 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा…’, संसद सत्र से पहले PM मोदी का राहुल गांधी पर तंज; युवाओं की उपलब्धि का किया जिक्र

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए भारत के पहले निजी ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ की सफलता पर स्काईरूट एयरोस्पेस की युवा टीम की जमकर सराहना की। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी तंज कसा, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।

’28 साल के युवाओं ने अंतरिक्ष में नया इतिहास रचा’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्काईरूट एयरोस्पेस में काम करने वाली टीम की औसत उम्र केवल 28 वर्ष है और इन युवाओं ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत के लिए नई उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया कि इस स्टार्टअप की पूरी टीम की औसत उम्र सिर्फ 28 साल है। ऐसे युवाओं ने यह कारनामा कर दिखाया है। मैं किसी 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा हूं।”

राहुल गांधी पर माना जा रहा अप्रत्यक्ष निशाना

प्रधानमंत्री के इस बयान को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है। राहुल गांधी जून 2026 में 56 वर्ष के हो चुके हैं और कांग्रेस उन्हें लंबे समय से युवा नेतृत्व के तौर पर पेश करती रही है।

युवाओं और स्टार्टअप की सफलता पर जताया गर्व

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते एक महीने में भारत ने कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर हर देशवासी को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती पहचान देश के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता का प्रमाण है। उनके मुताबिक, निजी क्षेत्र के एक भारतीय स्टार्टअप ने अंतरिक्ष में जो सफलता हासिल की है, वह दुनिया के चुनिंदा देशों में ही देखने को मिलती है।

भारत की वैश्विक पहचान हुई और मजबूत

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की वैश्विक स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है और यह कोई संयोग नहीं, बल्कि देश के युवाओं की मेहनत, नवाचार और क्षमता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की संभावनाएं अंतरिक्ष की तरह असीम हैं और यही देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है।