UKSSSC का बड़ा अपडेट: सींचपाल के 46 पदों का रिजल्ट जारी, दिव्यांग अभ्यर्थियों की सूची भी घोषित; 28 जुलाई को होगा दस्तावेज सत्यापन
देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सिंचाई विभाग में सींचपाल के 46 रिक्त पदों पर आयोजित भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने लिखित परीक्षा और अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पात्र अभ्यर्थियों की चयन संस्तुति संबंधित विभाग को भेज दी है। इसके साथ ही दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची भी जारी कर दी गई है।
दिव्यांग श्रेणी की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची प्रकाशित
आयोग के सचिव एन.एस. डुंगरियाल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान उच्च न्यायालय नैनीताल के 27 जून, 2025 के निर्णय तथा सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विशेष अनुमति याचिका सहित अन्य मामलों में 25 मई, 2026 को दिए गए आदेशों के अनुपालन में दिव्यांग श्रेणी के लिए सींचपाल पद की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची तैयार की गई है।
आयोग के अनुसार यह सूची उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जा रही है।
28 जुलाई को होगा अभिलेख सत्यापन
औपबंधिक श्रेष्ठता सूची में शामिल अभ्यर्थियों को 28 जुलाई, 2026 को सुबह 10 बजे आयोग कार्यालय में अभिलेख सत्यापन के लिए उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
समय पर पहुंचना अनिवार्य
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि और समय पर अभिलेख सत्यापन के लिए उपस्थित होना सभी संबंधित अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार अंतिम चयन की आगे की कार्रवाई की जाएगी।
