उत्तर प्रदेश

मायके जाने की जिद पर खूनी बवाल, पति ने पत्नी की काटी नाक; जवाब में सास ने दामाद की बहन को किया लहूलुहान

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मायके जाने की बात को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर दांतों से उसकी नाक काट ली। घटना की जानकारी मिलने पर जब मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे तो दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। इस दौरान आरोप है कि महिला की मां ने भी दामाद की बहन की नाक दांतों से काट दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मायके जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना ढखेरवा गांव की है। आरोप के अनुसार, श्रवण कुमार कश्यप का अपनी पत्नी प्रीति कश्यप से मायके जाने की बात को लेकर विवाद हो गया। प्रीति का कहना है कि उसकी चचेरी बहन की शादी रविवार को है और वह उसमें शामिल होने के लिए मायके जाना चाहती थी। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

पत्नी की नाक काटने का आरोप

आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने पहले पत्नी की पिटाई की और फिर दांतों से उसकी नाक काट दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में प्रीति ने अपने परिजनों को घटना की सूचना दी।

मायके पक्ष के पहुंचते ही फिर हुआ संघर्ष

सूचना मिलने के बाद प्रीति के पिता बनवारी और मां श्रीदेवी अपने अन्य परिजनों के साथ ससुराल पहुंचे। आरोप है कि वहां दोनों पक्षों के बीच फिर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान श्रीदेवी ने दामाद की बहन मोनी कश्यप की भी दांतों से नाक काट दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

दोनों पक्षों ने दी पुलिस को तहरीर

घटना के बाद दोनों घायलों का उपचार कराया गया। वहीं, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त हुई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।