झारखंड

चतरा के इटखोरी में 5 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक साइंस सेंटर, वैज्ञानिक सोच को मिलेगा बढ़ावा

इटखोरी (चतरा): जिले के छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। इटखोरी प्रखंड में पांच एकड़ भूमि पर एक भव्य और अत्याधुनिक साइंस सेंटर के निर्माण की योजना तैयार की गई है। इसके लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

जमीन चयन की प्रक्रिया तेज, प्रशासन सक्रिय
जिला प्रशासन की ओर से इटखोरी के सीओ को पांच एकड़ उपयुक्त भूमि चिह्नित कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद अंचल प्रशासन ने सरकारी और गैर-मजरूआ जमीन की तलाश शुरू कर दी है। भूमि चयन की रिपोर्ट मिलते ही साइंस सेंटर की विस्तृत रूपरेखा और प्राक्कलन तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

शिक्षा और अनुसंधान का नया केंद्र बनेगा इटखोरी
मां भद्रकाली की पावन नगरी के रूप में प्रसिद्ध इटखोरी अब तक धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के लिए जानी जाती रही है, लेकिन इस परियोजना के बाद यह क्षेत्र शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के नए केंद्र के रूप में उभरेगा। इससे चतरा जिले की पहचान एक आधुनिक शैक्षणिक हब के रूप में स्थापित होने की उम्मीद है।

स्थानीय स्तर पर विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
इस साइंस सेंटर के निर्माण से न सिर्फ शैक्षणिक माहौल बेहतर होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी।

मुख्य सड़क के पास भूमि चयन पर जोर
अंचल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साइंस सेंटर के लिए ऐसी भूमि का चयन प्राथमिकता में है जो मुख्य सड़क के निकट हो, ताकि आसपास के स्कूलों के छात्रों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो। भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी जाएगी।