राजस्थान में बड़ा जासूसी नेटवर्क का खुलासा: 20 जिलों से 60 संदिग्ध हिरासत में, ATS कर रही गहन पूछताछ
जयपुर: राजस्थान में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 20 जिलों से करीब 60 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इन सभी से राजस्थान एटीएस (ATS) द्वारा पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क संवेदनशील और सैन्य क्षेत्रों की जानकारी जुटाने से जुड़ा हुआ था।
20 जिलों में एक साथ कार्रवाई, 60 संदिग्ध हिरासत में
जयपुर: एटीएस की टीमों ने बुधवार को राज्य के जयपुर, बाड़मेर, अजमेर, जोधपुर सहित 20 जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए करीब 60 संदिग्धों को हिरासत में लिया। इन सभी पर सैन्य और संवेदनशील ठिकानों से जुड़ी जानकारी इकट्ठा करने का संदेह है। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया इनपुट के आधार पर की गई।
मोबाइल में मिले सैन्य क्षेत्रों की तस्वीरें
हिरासत में लिए गए कई संदिग्धों के मोबाइल फोन की जांच में सैन्य क्षेत्रों की तस्वीरें और अन्य संवेदनशील जानकारियां मिलने की बात सामने आई है। एटीएस सूत्रों के अनुसार, यह डेटा संदिग्ध गतिविधियों की ओर इशारा करता है, जिसके आधार पर पूछताछ को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पे-पर-टास्क मॉडल से युवाओं को फंसाने का आरोप
जांच में यह भी सामने आया है कि एक नेटवर्क द्वारा युवाओं को ऑनलाइन गेम और पैसे के लालच में फंसाकर उनसे संवेदनशील जानकारी मंगवाई जा रही थी। इस मॉडल को “पे-पर-टास्क” के जरिए संचालित किया जा रहा था, जिसमें हर जानकारी के बदले पैसे दिए जाने का लालच दिया जाता था।
सोशल मीडिया के जरिए जुड़ रहा था नेटवर्क
एटीएस के मुताबिक, पाकिस्तान से जुड़े आतंकी शहजाद भट्टी से इंटरनेट मीडिया के जरिए लगभग 50 से अधिक युवाओं को जोड़े जाने की साजिश का भी खुलासा हुआ है। आरोप है कि पहले युवाओं को ऑनलाइन माध्यम से जोड़ा जाता था और बाद में उनसे सैन्य ठिकानों से जुड़ी तस्वीरें और जानकारी हासिल की जाती थी।
आगे की जांच में जुटी ATS
राजस्थान एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क को स्थानीय स्तर पर कौन लोग संचालित कर रहे थे और किस तरह से युवाओं को इसमें शामिल किया जा रहा था। एजेंसियां संदिग्धों के संपर्कों और डिजिटल ट्रेल की भी जांच कर रही हैं।
