चुनाव आयोग का ऐलान : तीसरे चरण में 16 राज्यों व 3 केन्द्र शासित प्रदेशों में होगा एसआईआर
हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख को छोड़कर पूरा देश कवर होगा
नयी दिल्ली । चुनाव आयोग ने 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची अपडेट करने से जुड़ी प्रक्रिया विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) करने का निर्देश जारी कर दिया है। एसआईआर के पहले दो चरणों में 13 राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 59 करोड़ मतदाता शामिल थे। तीसरे चरण में हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरा देश कवर होगा।
तीसरे चरण में आंध्र प्रदेश अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय मिजोरम, नागालैंड, दिल्ली ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना और उत्तराखंड शामिल हैं। मतदाता सूची अपडेट करने के दौरान 3.94 लाख से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर 36.73 करोड़ मतदाताओं से मिलेंगे।
इसमें उनकी सहायता 3.42 लाख बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) करेंगे। बीएलए राजनीतिक दलों की ओर से गणना चरण के दौरान नियुक्त किये जाते हैं। चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया है कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए बीएलए नियुक्त करें। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक संदेश में कहा, मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और अपने गणना फॉर्म भरें।
इन तारीखों को जारी होगा ड्राफ्ट रोल
आयोग के मुताबिक ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर के लिए ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली (ड्राफ्ट रोल) 5 जुलाई, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव में 10 जुलाई, उत्तराखंड में 14 जुलाई, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा व चंडीगढ़ में 21 जुलाई तेलंगाना और पंजाब में 31 जुलाई कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड व दिल्ली में 5 अगस्त नागालैंड में 20 सितंबर और त्रिपुरा के लिए ड्राफ्ट रोल 21 अक्टूबर को प्रकाशित होगा। इसके बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।
