मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर कंटेनर ने 6 को कुचला, 5 की मौके पर मौत
नई दिल्ली/डिंडौरी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गाड़ासरई थाना क्षेत्र के किकरातालाब के पास देर रात हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पंचर वाहन बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक परसवाह, करबे मट्टा और उफरी गांव के रहने वाले थे। सभी लोग शनिवार को सिलियारी गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर पिकअप वाहन से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन का टायर पंचर हो गया।
रात करीब 12:30 बजे सभी लोग सड़क किनारे उतरकर टायर बदलने का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद 10 फीट तक उछले लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग करीब 10 फीट तक उछल गए। हादसे के बाद भी कंटेनर नहीं रुका और लोगों को कुचलते हुए सड़क किनारे बनी मड़िया, बिजली के खंभे और यात्री प्रतीक्षालय को भी टक्कर मार दी।
करीब 350 मीटर तक बेकाबू दौड़ने के बाद वाहन रुका, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घायल अस्पताल में भर्ती, चालक फरार
हादसे में घायल व्यक्ति को रात में ही अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया और पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
हादसे में परसवाह निवासी राजकरण बनवासी (35 वर्ष), करवेमट्टा निवासी बिहारी सिंह (50 वर्ष), पवन मरावी (35 वर्ष), बिसाहू धुर्वे (58 वर्ष) समेत एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है, जिसे बिहारी सिंह का पुत्र बताया जा रहा है।
गांव में मातम, लोगों में आक्रोश
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
