लखनऊ में कल्याण मंडपों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, नगर निगम ने जारी की पूरी रेट लिस्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में अब शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए कल्याण मंडप और सामुदायिक केंद्र बुक करना और आसान हो गया है। महापौर सुषमा खर्कवाल ने 2962.60 लाख रुपये की 456 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ इन केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल का भी शुभारंभ किया।
महापौर ने कहा कि लखनऊ एक ओर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध शहर है, वहीं दूसरी ओर तेजी से आधुनिकता की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।
अब घर बैठे होगी बुकिंग, वेबसाइट से मिलेगा लाभ
नगर निगम की इस पहल के तहत अब नागरिक घर बैठे ही कल्याण मंडप और सामुदायिक केंद्रों की बुकिंग कर सकेंगे। इसके लिए नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करना होगा। इस कदम से पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ लोगों को सुविधा भी मिलेगी।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत कई पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने बताया कि सभी केंद्रों के लिए किराया भी तय कर दिया गया है।
इन क्षेत्रों के केंद्र शामिल, अलग-अलग तय हुआ किराया
ऑनलाइन बुकिंग के दायरे में महानगर, जियामऊ, मानसरोवर, विकास नगर, आनंद नगर, सरस्वती नगर, लालबंगला, नरही, गणेशगंज और सरोजनीनगर समेत कई इलाके शामिल किए गए हैं।
यह है कल्याण मंडप और सामुदायिक केंद्रों की रेट लिस्ट
महानगर कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹90,720
सामुदायिक केंद्र, बरोलिया डालीगंज – ₹4,130
जियामऊ कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹63,924
बाबू बनारसी दास सामुदायिक केंद्र – ₹9,800
लालकुआ कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹7,000
गणेशगंज कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹8,260
नरही कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹8,260
विकास नगर कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹82,600
सामुदायिक केंद्र, सेक्टर-4, विकास नगर – ₹41,300
मानसरोवर कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹1,23,900
आनंद नगर कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹15,400
सरस्वती कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹16,520
डीएचपी फ्लैट – ₹248 प्रति कमरा प्रति दिन
गौरी बाजार कल्याण मंडप, सरोजनी नगर – ₹21,000
माधव कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹8,012
केशव कल्याण मंडप एवं सामुदायिक केंद्र – ₹8,012
पारदर्शिता और सुविधा की दिशा में बड़ा कदम
नगर निगम की इस पहल को शहर में पारदर्शी और डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे लोगों को लंबी प्रक्रिया और दौड़भाग से राहत मिलेगी, साथ ही बुकिंग प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और आसान हो सकेगी।
