पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, बारिश के साथ गिरे ओले; हरिमंदिर साहिब में दिखा आस्था का अद्भुत नजारा
नई दिल्ली: पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर में शुक्रवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और दोपहर होते-होते हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली।
बारिश के बीच भी हरिमंदिर साहिब में उमड़ी श्रद्धा
ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के बावजूद अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब में श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में भक्त गुरबाणी कीर्तन में लीन नजर आए। कई श्रद्धालु पवित्र सरोवर में स्नान कर मत्था टेकते दिखे। बदलते मौसम ने जहां वातावरण में ठंडक घोली, वहीं दरबार साहिब का आध्यात्मिक माहौल और भी अधिक मनमोहक हो गया।
मौसम की मार से किसानों की बढ़ी चिंता
मौसम के इस अचानक बदलाव ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। इस समय गेहूं की फसल पूरी तरह पककर तैयार खड़ी है। ऐसे में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण फसल के गिरने और नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई इलाकों में किसानों को अपनी मेहनत पर संकट का डर सताने लगा है।
