दिल्ली

दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम: आंधी-बारिश के साथ गिरे ओले, गर्मी से राहत के बाद अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट

दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं, गरज-चमक और झमाझम बारिश ने राजधानी समेत आसपास के इलाकों को भीगो दिया। कई जगहों पर ओले गिरने की भी सूचना मिली, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली।

अचानक बदला मौसम, कई इलाकों में गिरे ओले

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई थी। हालांकि दोपहर बाद हालात तेजी से बदले और तेज हवाओं के साथ बादल घिर आए। इसके बाद दिल्ली के कई हिस्सों, नोएडा और फरीदाबाद समेत एनसीआर में झमाझम बारिश हुई। कुछ इलाकों में बड़े-बड़े ओले भी गिरे, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

IMD ने जारी किया येलो अलर्ट, तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम में अचानक आए बदलाव को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शाम के समय भी गरज-चमक, बिजली कड़कने और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

1 और 2 मई को फिर लौटेगी गर्मी

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 1 और 2 मई को दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी होगी। 1 मई को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 2 मई को यह 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।

3 से 5 मई तक फिर बदलेगा मौसम, बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर दिल्ली-NCR में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते 3, 4 और 5 मई को बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि कुछ झंझावातों में हवा 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

तापमान में आएगी गिरावट, गर्मी से राहत जारी रहने के आसार

बारिश और तेज हवाओं के चलते 3 से 5 मई के बीच तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा सकती है। 5 मई तक अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलती रहेगी।