बिहार

बिहार में PM सूर्य घर योजना की रफ्तार धीमी, 100 दिन में 2 लाख घरों में सोलर प्लांट लगाने की चुनौती

पटना: बिहार में गरीब परिवारों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना लक्ष्य से काफी पीछे चल रही है। नवंबर तक 2.50 लाख गरीब परिवारों की छतों पर 1.1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य तय किया गया है, लेकिन अब तक केवल 49 हजार घरों में ही संयंत्र लगाए जा सके हैं। ऐसे में बचे करीब 100 दिनों में 2.01 लाख घरों तक सोलर प्लांट पहुंचाना सरकार के सामने बड़ी चुनौती है।
हर दिन करीब 2 हजार घरों में प्लांट लगाने की जरूरत
योजना का निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए अब प्रतिदिन करीब 2 हजार घरों में सोलर प्लांट लगाने होंगे। अभी योजना के तहत रोजाना औसतन करीब 720 घरों में ही संयंत्र लगाए जा रहे हैं। मौजूदा रफ्तार में लक्ष्य हासिल करना मुश्किल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 14 जून को बिहार में इस योजना की शुरुआत की थी। आर्थिक रूप से कमजोर कुटीर ज्योति श्रेणी के बीपीएल परिवारों के घरों पर 1.1 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र शत-प्रतिशत सब्सिडी के साथ लगाया जा रहा है। पहले चरण में 2.50 लाख उपभोक्ताओं की छतों पर यूटिलिटी-लेड एग्रीगेशन मॉडल के तहत सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना शुरू होने के दो महीने आठ दिन के भीतर 49 हजार घरों में संयंत्र लगाए गए हैं। इसी गति को देखते हुए सवाल उठ रहा है कि तीन साल में राज्य के करीब 58 लाख गरीब परिवारों के घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य कैसे पूरा होगा।
तीन किलोवाट प्लांट पर 98 हजार रुपये तक अनुदान
पीएम सूर्य घर योजना के तहत सामान्य परिवारों को भी अपनी छत पर सोलर प्लांट लगाने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। आवासीय भवनों की छतों पर तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का सोलर प्लांट लगाने पर केंद्रीय योजना के तहत 78 हजार रुपये तक अनुदान का प्रावधान है।
इसके अलावा बिहार सरकार ने तीन किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट के लिए 20 हजार रुपये अतिरिक्त अनुदान देने का निर्णय लिया है। इस तरह तीन किलोवाट का सोलर प्लांट लगाने पर कुल 98 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है। तीन किलोवाट के सोलर प्लांट की औसत लागत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
लापरवाह एजेंसियों पर कार्रवाई की चेतावनी
बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा है कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत नवंबर के अंत तक ढाई लाख गरीब परिवारों के घरों में सोलर प्लांट लगाए जाने हैं। लक्ष्य पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसियों को काम में तेजी लाने की चेतावनी दी गई है। काम में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें काली सूची में डाला जाएगा।