गेहूं उपार्जन केंद्रों पर सख्ती बढ़ी, मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे औचक निरीक्षण; किसी भी समय हो सकता है हेलीकॉप्टर लैंडिंग
मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा कदम उठाया है। आने वाले दिनों में वे प्रदेशभर के उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री न सिर्फ व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जांचेंगे, बल्कि किसानों से सीधे संवाद कर फीडबैक भी लेंगे।
किसानों को मिल रही सुविधाओं की होगी जमीनी जांच
मुख्यमंत्री यह सुनिश्चित करेंगे कि शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार किसानों को सभी जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। उपार्जन केंद्रों पर पीने का पानी, छायादार बैठने की व्यवस्था और अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
किसानों के लिए आसान बनाई गई बिक्री व्यवस्था
सरकार ने यह भी व्यवस्था की है कि किसान अपने जिले के किसी भी उपार्जन केंद्र पर जाकर अपनी उपज बेच सकें। इसका उद्देश्य भीड़ और इंतजार की समस्या को खत्म करना है, ताकि किसानों को समय पर समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।
गेहूं गुणवत्ता मानकों में दी गई ढील
इस बार एफएक्यू मानकों में किसानों को राहत दी गई है। चमक विहीन गेहूं की सीमा को 50 प्रतिशत तक रखा गया है। सूखे दानों की सीमा 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है, जबकि क्षतिग्रस्त दानों की सीमा भी बढ़ाकर 6 प्रतिशत तक की गई है। इससे अधिक से अधिक किसानों की उपज खरीदी के दायरे में आ सकेगी।
उपार्जन केंद्रों पर बढ़ाई गई सुविधाएं
तौल प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सभी केंद्रों पर बारदाना, तौल कांटे, हम्माल, तुलावटी, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, नेट कनेक्शन, कूपन व्यवस्था, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण और साफ-सफाई के लिए पंखा व छन्ना जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्लॉट बुकिंग क्षमता में बड़ा इजाफा
उपार्जन की गति बढ़ाने के लिए स्लॉट बुकिंग क्षमता को 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 2250 क्विंटल प्रतिदिन प्रति केंद्र कर दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर इसे बढ़ाकर 3000 क्विंटल तक करने की भी अनुमति दी गई है, जिससे अधिक किसानों को लाभ मिल सके।
2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही खरीद
राज्य सरकार किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस के साथ कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीद कर रही है।
शनिवार को भी जारी रहेगा उपार्जन कार्य
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब हर शनिवार को भी स्लॉट बुकिंग और गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया जारी रहेगी, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
किसी भी समय उतर सकता है मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर
सरकार ने संकेत दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर किसी भी उपार्जन केंद्र पर अचानक उतर सकता है, जिससे जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
