मध्य प्रदेश

मुरैना में सनसनी: फौजी पति ने पत्नी के सिर में मारी गोली, अस्पताल पहुंचाने के बाद मौत का पता चलते ही हुआ फरार

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। अंबाह कस्बे में भारतीय सेना के एक जवान पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपी घायल पत्नी को खुद अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन उसकी मौत का पता चलते ही शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में मृतका के पति के साथ-साथ उसके सास-ससुर के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पारिवारिक विवाद के बीच पत्नी को मारी गोली

पुलिस के मुताबिक घटना अंबाह थाना क्षेत्र के खजूरी रोड इलाके की है। आरोपी की पहचान भारतीय थल सेना में कार्यरत सोहन सिंह सिंकरवार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के दौरान उसने अपनी 30 वर्षीय पत्नी रानी सिंकरवार के सिर में पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगने के बाद रानी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी।

अस्पताल पहुंचाया, फिर शव छोड़कर भाग निकला

घटना के बाद आरोपी अपनी घायल पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन जब उसे पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है तो वह शव को अस्पताल में छोड़कर वहां से फरार हो गया। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अंबाह पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पति समेत सास-ससुर पर हत्या का मामला दर्ज

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी पति सोहन सिंह सिंकरवार, उसके पिता नरोत्तम सिंकरवार और मां मुन्नी देवी के खिलाफ हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

मृतका के पिता ने की सख्त कार्रवाई की मांग

मृतका के पिता रमेश तोमर ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति और ससुराल पक्ष पर लगाते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

हथियार और हत्या की वजह की जांच जारी

अंबाह के एसडीओपी रवि प्रकाश भदौरिया ने बताया कि देर रात महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। परिजनों के बयानों के आधार पर पति और सास-ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है।