मध्य प्रदेश

भोपाल के स्कूल में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’, विद्यार्थियों को कानून और अधिकारों की दी जानकारी; पुलिस अधिकारियों ने किया संवाद

भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग पहल के तहत शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निशातपुरा में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीआईजी कम्युनिटी पुलिसिंग डॉ. विनीत कपूर के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानून, नागरिक अधिकार, कर्तव्य, पुलिस की कार्यप्रणाली और महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।

पुलिस और युवाओं के बीच संवाद से मजबूत होगा भरोसा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी कम्युनिटी पुलिसिंग डॉ. विनीत कपूर ने कहा कि आम नागरिकों और युवाओं को पुलिस के साथ बिना किसी भय के संवाद करना चाहिए। उनके मुताबिक पुलिस और समाज के बीच विश्वास और संवाद जितना मजबूत होगा, अपराध की रोकथाम और जनसुरक्षा की व्यवस्था उतनी ही प्रभावी होगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को कानून-व्यवस्था, मौलिक अधिकार और कर्तव्य तथा मानव अधिकारों से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। घरेलू हिंसा, बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा पॉक्सो अधिनियम से जुड़े प्रावधानों को भी सरल भाषा में समझाया गया।

डॉ. विनीत कपूर ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी लड़की को परेशान करना, उसका पीछा करना या गलत नजर से देखना भी कानून की दृष्टि में अपराध की श्रेणी में आता है। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

सहायक पुलिस महानिरीक्षक अमृतलाल मीणा ने ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस और युवाओं के बीच लगातार संवाद से कानून के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से निर्भय होकर संपर्क करने की अपील की।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस महानिरीक्षक महिला सुरक्षा मंजू लता खत्री, एसीपी भोपाल रेनू मुरार, जिला शिक्षा अधिकारी भोपाल अभिनव आर्य, विद्यालय के प्राचार्य आर. सी. जैन, उप प्राचार्य सुनीता चोलकर, समन्वयक कांति जैन, स्कूल प्रबंधक मनोज मिश्रा, निदा जावेद सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।

विद्यालय की शैक्षणिक और नवाचारी गतिविधियों का लिया जायजा

कार्यक्रम से पहले अतिथियों ने विद्यालय का भ्रमण किया और वहां चल रही विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी और नवाचारी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध पुस्तकों, दस्तावेजों तथा रखरखाव की सराहना की।

अतिथियों ने सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी कक्ष, रोबोटिक कक्ष, व्यावसायिक शिक्षा और जीव विज्ञान प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में स्थापित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम स्पेस गैलरी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

इसके अलावा मनोविज्ञान कक्ष, चिकित्सा एवं विश्राम कक्ष तथा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे अन्य कार्यों की भी जानकारी ली गई।

विद्यालय की पत्रिका ‘गुल्लक’ का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की मासिक पत्रिका ‘गुल्लक’ का विमोचन किया गया। अतिथियों को विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘आयाम’ भी भेंट की गई।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में विद्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य आर. सी. जैन ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।