राजस्थान

राजस्थान निकाय चुनाव में बूथों पर बवाल, कहीं हाथापाई तो कहीं पथराव; फर्जी मतदान के आरोपों से गरमाया माहौल

जयपुर: राजस्थान में शहर की सरकार चुनने के लिए बुधवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान कई जगह विवादों में घिर गया। पहले चरण में 162 नगरीय निकायों में मतदान के दौरान फर्जी मतदान के आरोप, प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच झड़प, मारपीट, पथराव और ईवीएम में तकनीकी खराबी की घटनाएं सामने आईं। कहीं विधायक से धक्का-मुक्की हुई तो कहीं प्रत्याशी और उनके समर्थक आपस में भिड़ गए।

डीडवाना में निर्दलीय विधायक से धक्का-मुक्की

डीडवाना-कुचामन के डीडवाना में वार्ड-11 के मतदान केंद्र पर परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे निर्दलीय विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। विधायक के रिश्तेदारों ने कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों पर मतदाता पहचान पत्र छीनने का आरोप लगाया। यूनुस खान ने दावा किया कि मतदान के दौरान उन पर यह तीसरा हमला है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक से मांग की थी, लेकिन सुरक्षा नहीं मिली।

अलवर में फर्जी मतदान और मारपीट के आरोप

अलवर के वार्ड-31 में कांग्रेस प्रत्याशी पवन शर्मा के बेटे श्लोक शर्मा पर फर्जी मतदान का आरोप लगा। विवाद के बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई।

इसी जिले के वार्ड-43 में भाजपा प्रत्याशी जगदीश अटल और उनके दोनों बेटों पर निर्दलीय प्रत्याशी अजय मीरवाल के समर्थकों के साथ मारपीट करने के आरोप लगे। घायल मोहित और लोकेश जांगिड़ ने आरोप लगाया कि सुबह करीब 5 बजे मतदान शुरू होने से पहले उनके साथ मारपीट की गई और वाहन में तोड़फोड़ की गई। लोकेश के सिर में 15 टांके आने की बात सामने आई है।

धौलपुर में प्रत्याशियों के बीच हाथापाई

धौलपुर नगर परिषद के वार्ड-57 में भाजपा प्रत्याशी पप्पू जाट और निर्दलीय प्रत्याशी कमलजीत के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के समर्थक भी वहां पहुंच गए, जिससे मतदान केंद्र पर तनाव बढ़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति संभाली।

जयपुर जिले के दूदू के बिंजोलाव गांव में फर्जी मतदान के आरोप को लेकर कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक आमने-सामने आ गए। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया। सीकर के खंडेला में वार्ड-17 में भी फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ।

मतदान केंद्र पहुंचे तो पता चला पहले ही पड़ चुका है वोट

चुनाव के दौरान कुछ मतदाताओं ने आरोप लगाया कि जब वे वोट डालने मतदान केंद्र पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर पहले ही मतदान हो चुका है। अलवर के वार्ड-43 के भगवान सहाय, भरतपुर के वार्ड-31 की पूजा और बुजुर्ग सुल्तान ने इस तरह की शिकायत की।

भीलवाड़ा के वार्ड-22 में भी दो मतदाताओं ने आरोप लगाया कि उनके वोट किसी और ने पहले ही डाल दिए। सवाई माधोपुर के वार्ड-32 से निर्दलीय प्रत्याशी महेश सोनी उर्फ भानू के नाम पर भी किसी अन्य व्यक्ति द्वारा वोट डालने का आरोप लगा। उन्होंने चुनौती वाले मत की मांग की।

जालोर में भी एक व्यक्ति कथित तौर पर फर्जी वोट डालने पहुंचा। उसे मतदान केंद्र से बाहर निकाल दिया गया। भागने की कोशिश के दौरान प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।

नागौर में पथराव की सूचना, दो हिरासत में

नागौर के खत्रीपुरा क्षेत्र में वार्ड-51 और 48 के मतदान को लेकर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संख्या-5 स्थित मतदान केंद्र पर विवाद हो गया। पथराव और हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लिया।

जोधपुर के बालेसर दुर्गावता में वार्ड-23 और 25 के मतदान केंद्रों पर भी दो पक्षों में झड़प हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को वहां से हटाया।

ईवीएम खराब होने से कई जगह मतदान प्रभावित

हंगामे के बीच कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण भी मतदान प्रभावित हुआ। चूरू के सुजानगढ़ में वार्ड-39 के बूथ-55 पर सुबह 9 बजे से तीन बार ईवीएम खराब हुई। इससे करीब दो घंटे तक मतदान प्रभावित रहा।

अलवर के वार्ड-51 में ईवीएम खराब होने के कारण करीब एक घंटे बाद मतदान शुरू हो सका। डूंगरपुर में भी मतदान करीब डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हुआ। बूंदी के केशोरायपाटन, झुंझुनूं के बगड़, दौसा के मंडावर, सवाई माधोपुर, कोटपूतली-बहरोड़ के पावटा-प्रागपुरा और जोधपुर के बालेसर में भी तकनीकी खराबी के चलते मतदान प्रभावित हुआ।

जयपुर जिले के शाहपुरा में ईवीएम का एक बटन काम नहीं करने पर लोगों ने मतदान केंद्र के बाहर प्रदर्शन किया।

बीएलओ पर मतदान प्रभावित करने का आरोप

झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड-18 में बीएलओ पर मतदान प्रभावित करने के आरोप लगे। निर्दलीय प्रत्याशी सहीराम बराला की शिकायत के बाद निर्वाचन टीम ने बीएलओ का मोबाइल जब्त कर उसे मतदान केंद्र से हटा दिया।

राजसमंद के नाथद्वारा में वार्ड-2 से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी कान सिंह को चेक बाउंस मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया। वह वार्ड-5 में मतदान करने पहुंचे थे। वहीं भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मतदान केंद्र के पास पैसे बांटने का आरोप लगाया। पुलिस ने लोगों को 100 मीटर के दायरे से बाहर कर दिया।

कुवैत से वोट डालने पहुंचे कारोबारी

चुनावी विवादों के बीच मतदान को लेकर लोगों का उत्साह भी देखने को मिला। डूंगरपुर के विनोद पंचाल कुवैत से सिर्फ मतदान करने पहुंचे। वहां उनका आभूषण का कारोबार है और वह बुधवार सुबह ही डूंगरपुर पहुंचे।

पहले चरण में 57 लाख से ज्यादा मतदाता 20,623 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला कर रहे हैं। चार नगर निगमों में दोपहर एक बजे तक भीलवाड़ा में सबसे अधिक 67.53 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। 17 नगर पालिकाओं के 25 वार्ड, चार नगर परिषदों के छह वार्ड और एक नगर निगम के एक वार्ड में सदस्य निर्विरोध चुने जा चुके हैं। दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा, जबकि दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी।