हर वार्ड में खुलेगा वेंडर मार्केट, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान; रांची को आधुनिक शहर बनाने पर जोर
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को नगर विकास एवं आवास विभाग और पथ निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं को प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले लोगों को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शहर के हर वार्ड में जरूरत के मुताबिक वेंडर मार्केट विकसित करने की दिशा में काम किया जाए। इसका उद्देश्य सड़कों पर लगने वाले जाम को कम करना है। साथ ही सरकारी जमीन पर हुए कब्जों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
रांची के विकास की लंबी अवधि की योजना पर मंथन
समीक्षा बैठक में रांची को व्यवस्थित और आधुनिक शहर के तौर पर विकसित करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। शहर के सड़क नेटवर्क, फ्लाईओवर, पार्क, चौराहों, यातायात व्यवस्था, जल निकासी प्रणाली और चल रही विकास परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। रांची के मास्टर प्लान और आने वाले वर्षों के लिए विकास कार्यों की योजना पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने शहर के बढ़ते विस्तार और आबादी को देखते हुए दीर्घकालिक और समग्र विकास योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास सिर्फ रांची तक सीमित नहीं रहना चाहिए। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित ढंग से आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में काम किया जाए। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
यातायात सुधार के लिए बसों का पूरा डेटा तैयार करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने रांची की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। शहर में चलने वाली सभी बसों की संख्या, उनके मार्ग और समय-सारणी का व्यवस्थित आंकड़ा तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।
इसके अलावा सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिह्नित कर बंद करने और निर्धारित चौक-चौराहों से ही सुरक्षित तरीके से वाहनों के मुड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़कों पर लटकते तार हटाने पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने रांची को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लटक रहे बिजली, दूरसंचार और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने खंभों पर अव्यवस्थित तरीके से लिपटे तारों को चिह्नित कर नियमानुसार हटाने को कहा।
सड़क के साथ जल निकासी की व्यवस्था भी जरूरी
मुख्यमंत्री ने जल निकासी को सड़क निर्माण का अभिन्न हिस्सा मानते हुए दोनों किनारों पर वैज्ञानिक तरीके से जल निकासी प्रणाली विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल निकासी के लिए पर्याप्त चौड़ाई और जरूरी स्थान पहले से सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में सड़क किनारे अनियोजित निर्माण और अतिक्रमण की स्थिति न बने।
उन्होंने सड़क की चौड़ाई, जल निकासी, पैदल यात्रियों की सुविधा और यातायात को ध्यान में रखते हुए समग्र डिजाइन तैयार करने पर जोर दिया। बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या वाले इलाकों को चिह्नित कर वहां प्रभावी जल निकासी नेटवर्क विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
