लुधियाना स्टील फैक्ट्री में धमाके के बाद भीषण आग, 7 महिलाएं झुलसीं; 50 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दोराहा के पास गांव विशनपुर स्थित बीबी लाल स्टील फैक्ट्री में अचानक धमाके के बाद भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
हादसे में सात महिलाएं झुलसीं, दो की हालत गंभीर
इस हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहीं सात महिलाएं झुलस गईं। घायलों में मीणा और अंजलि की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें लुधियाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायल देविका, बिमला, सोनी, सुरजीत और कुलविंदर कौर का इलाज दोराहा के निजी अस्पताल में जारी है।
50 से अधिक दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की भयावहता को देखते हुए दोराहा, खन्ना और समराला से 50 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। खबर लिखे जाने तक राहत और बचाव कार्य जारी था।
धमाके के बाद भड़की आग, बायलर फटने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में पहले जोरदार धमाका हुआ, जिसके तुरंत बाद आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआती जांच में बायलर फटने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
फैक्ट्री में स्क्रैप से तैयार होता है स्टील, अधिकारी नहीं थे मौजूद
बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में स्क्रैप से स्टील उत्पाद तैयार किए जाते हैं। हादसे के समय कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे शुरुआती स्तर पर हालात संभालने में देरी हुई।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार पायल, एसएचओ दोराहा और स्थानीय विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
