भीषण गर्मी का कहर! यूपी में ग्रीष्मकालीन अवकाश 24 जून तक बढ़ा, 25 से खुलेंगे स्कूल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के बढ़ते असर को देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को बढ़ाकर अब 24 जून तक कर दिया गया है। इसके बाद 25 जून से प्रदेशभर में नियमित पठन-पाठन शुरू होगा।
शिक्षकों को 22 जून से स्कूलों में उपस्थित होने के निर्देश
प्रदेश सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को 22 जून से ही विद्यालयों में उपस्थित होकर शैक्षणिक सत्र की तैयारियां शुरू करनी होंगी। इस दौरान पाठ्य योजना, मिड डे मील व्यवस्था, स्कूल परिसर की सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए लिया गया फैसला
अपर मुख्य सचिव शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के हित में यह निर्णय लिया गया है। पहले अवकाश समाप्ति के बाद स्कूल 16 जून से खुल गए थे, लेकिन अब स्थिति को देखते हुए छुट्टियों को आगे बढ़ाया गया है।
21 जून को मनाया जाएगा योग दिवस, फिर तैयारी अवकाश
आदेश के अनुसार 21 जून को सभी विद्यालयों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा, जिसमें शिक्षक और छात्र-छात्राएं सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इसके बाद 22 से 24 जून तक विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा और केवल शैक्षणिक तैयारियों का कार्य किया जाएगा।
25 जून से पूरे प्रदेश में नियमित कक्षाएं शुरू
सरकार के निर्देश के मुताबिक 25 जून से सभी स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू होंगी। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विद्यालयों में सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हों, ताकि छात्रों को बिना किसी बाधा के पढ़ाई का माहौल मिल सके।
220 कार्य दिवस सुनिश्चित करने पर जोर
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में कम से कम 220 कार्य दिवस अनिवार्य हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलों में शैक्षणिक कैलेंडर का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
