Wednesday, August 5, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

योगी से मुलाकात के बाद फ्लिपकार्ट CEO का बड़ा बयान, बोले- उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में निभाएंगे दीर्घकालिक साझेदारी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कल्याण कृष्णमूर्ति ने राज्य के साथ कंपनी की दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट पिछले 15 वर्षों से उत्तर प्रदेश में कारोबार कर रहा है और इस दौरान राज्य में कारोबार के माहौल, ग्राहकों और विक्रेताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है।

कल्याण कृष्णमूर्ति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने फ्लिपकार्ट को राज्य के विकास विजन का भागीदार बनाया है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ दशक में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, ग्राहक आधार और विक्रेताओं के विस्तार के क्षेत्र में राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

एआई आधारित विकास में साझेदार बनने की तैयारी

फ्लिपकार्ट के सीईओ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कंपनी राज्य की एआई आधारित विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए तैयार है और इस दिशा में सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहती है।

एमएसएमई को बढ़ावा देने पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के अधिक से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर जोर दिया। इस पर कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि फ्लिपकार्ट देश में एमएसएमई के लिए सबसे बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में से एक है, जहां 5 लाख से अधिक एमएसएमई कारोबार कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश के उद्यमियों की भी है और आगे इस संख्या को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

15 वर्षों की साझेदारी को और मिलेगा विस्तार

कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि पिछले 10 से 15 वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश में ग्राहकों, विक्रेताओं और कारोबारी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट की राज्य के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत है और कंपनी भविष्य में भी उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास और डिजिटल प्रगति में पूरी निष्ठा के साथ सहयोग करती रहेगी।