बिहार में सम्राट सरकार का बड़ा विस्तार, निशांत कुमार समेत तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों को मिली मंत्रिमंडल में जगह
बिहार की राजनीति में गुरुवार को एक नए दौर की औपचारिक शुरुआत देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सम्राट चौधरी सरकार के इस विस्तारित मंत्रिमंडल में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की स्पष्ट कोशिश दिखाई दी। सरकार ने जहां अनुभवी चेहरों पर भरोसा जताया, वहीं कई नए नेताओं को भी पहली बार बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के परिवारों को मिली बड़ी जिम्मेदारी
मंत्रिमंडल विस्तार की सबसे ज्यादा चर्चा तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों को मंत्री बनाए जाने को लेकर रही। पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को पहली बार मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष कुमार सुमन को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। संतोष कुमार सुमन इससे पहले भी नीतीश सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
वहीं, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा को भी सम्राट चौधरी सरकार के विस्तारित मंत्रिमंडल में जगह मिली है। राजनीतिक जानकार इसे बिहार की बदलती सत्ता संरचना और नई पीढ़ी को आगे लाने की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं।
गांधी मैदान में शक्ति प्रदर्शन जैसा दिखा शपथ ग्रहण समारोह
पटना के गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी ने इसे राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक अहमियत दे दी। इसके अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, एनडीए सहयोगी दलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के कई प्रमुख चेहरे मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एनडीए की एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन का संदेश देने की भी कोशिश दिखाई दी।
बिहार में पहली बार भाजपा नेतृत्व वाली सरकार
बिहार की राजनीति में यह बदलाव उस समय आया जब पिछले महीने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके थे। इसके बाद राज्य में पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ और सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
सम्राट चौधरी के साथ जदयू के बिजेन्द्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी को उप मुख्यमंत्री बनाया गया था। बिहार में एनडीए गठबंधन में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार को आगामी राजनीतिक रणनीति और गठबंधन संतुलन के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
