Sunday, April 26, 2026
Latest:
बिहार

सीतामढ़ी में सीएम सम्राट चौधरी के बड़े ऐलान, ‘मां सीता’ के नाम पर मेडिकल कॉलेज और 2028 तक बनेगा भव्य जानकी मंदिर

सीतामढ़ी। जानकी नवमी के पावन अवसर पर आयोजित सीतामढ़ी महोत्सव में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई अहम घोषणाएं करते हुए क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का संकेत दिया। उन्होंने घोषणा की कि सीतामढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का नाम मां सीता के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही पुनौरा धाम स्थित जानकी जन्मस्थली पर बन रहे भव्य मंदिर का निर्माण वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

जानकी नवमी पर जन्मस्थली पहुंचकर लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह मां सीता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बने हैं और आज उसी आशीर्वाद को ग्रहण करने जन्मस्थली पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जानकी नवमी के दिन यहां आना उनके लिए भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।

मंदिर निर्माण की समयसीमा घटाई, अब 2028 तक पूरा होगा कार्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुनौरा धाम प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा किया जा रहा है और इसकी डेडलाइन अब 31 दिसंबर 2028 तय की गई है। पहले यह लक्ष्य जून 2029 तक निर्धारित था, जिसे छह महीने पहले कर दिया गया है। इसके साथ ही राम-जानकी पथ के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि सीतापुरम परियोजना को भी पहली कैबिनेट बैठक में मंजूरी दे दी गई थी।

पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का फोकस

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सीतामढ़ी में पर्यटन, सड़क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने एनडीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार अब बदलाव के दौर से गुजर रहा है और इसे विकसित व समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

निवेश और उद्योग से पलायन रोकने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के पलायन को रोकने के लिए राज्य में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में पीरपैंती और नबीनगर में थर्मल पावर परियोजनाएं शुरू हुई हैं और 1.36 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है। राज्य सरकार ने एक वर्ष में 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य तय किया है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को अपने राज्य में ही काम मिलेगा।

भूमि पूजन के दौरान बारिश का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष के भूमि पूजन कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जानकी मंदिर का शिलान्यास किया था, उस समय लगातार बारिश हुई थी। उन्होंने इसे आस्था से जोड़ते हुए कहा कि प्राचीन काल में भी मां सीता के जन्म के समय अकाल के बीच बारिश हुई थी, जिससे समृद्धि आई थी।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधायक सुनील कुमार पिंटू, गायत्री देवी, पंकज मिश्रा, रामेश्वर महतो, नागेंद्र राव, श्वेता गुप्ता, अनिल कुमार, अमित कुमार, बैद्यनाथ प्रसाद, एमएलसी रेखा कुमारी और बंशीधर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।