यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 14 IFS अधिकारियों के तबादले, कानपुर-गोरखपुर समेत कई जिलों के DFO बदले
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 14 भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत नौ प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। इस फेरबदल में कानपुर, गोरखपुर, उन्नाव, वाराणसी, सहारनपुर और जौनपुर समेत कई महत्वपूर्ण वन प्रभाग शामिल हैं।
वन विभाग में हुए इस व्यापक तबादला आदेश के तहत कानपुर की डीएफओ दिव्या को जौनपुर वन प्रभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं गोरखपुर के डीएफओ विकास यादव को झांसी वन प्रभाग भेजा गया है।
कई जिलों में बदले गए डीएफओ
उन्नाव में तैनात डीएफओ आरुषि मिश्रा को कैमूर वन्यजीव प्रभाग मिर्जापुर में नई जिम्मेदारी दी गई है। सहारनपुर के डीएफओ शुभम सिंह अब गोरखपुर वन प्रभाग का कार्यभार संभालेंगे।
वाराणसी की डीएफओ स्वाति को उन्नाव भेजा गया है, जबकि बदायूं की डीएफओ निधि चौहान को वाराणसी वन प्रभाग का नया प्रमुख बनाया गया है।
राष्ट्रीय चंबल सेंचुरी में तैनात डीएफओ चांदनी सिंह को सहारनपुर वन प्रभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आजमगढ़ की डीएफओ आकांक्षा जैन को कानपुर वन प्रभाग का नया डीएफओ नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा बलिया के डीएफओ पृथ्वीराज केएसबी को बिजनौर वन प्रभाग, नजीबाबाद में तैनात किया गया है।
कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां
तबादलों के साथ-साथ कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं। वन निगम में महाप्रबंधक (कार्मिक) के पद पर कार्यरत सुजाय बनर्जी को महाप्रबंधक (उत्पादन) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एच. राजामोहन को मौजूदा जिम्मेदारी के साथ क्षेत्रीय प्रबंधक, वन निगम खीरी का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अधिकारी को मिली अहम जिम्मेदारी
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे गणेश भट्ट को मुख्य वन संरक्षक (मानव संसाधन) के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें मुख्य वन संरक्षक (परियोजना) तथा मुख्य वन संरक्षक (सुरक्षा एवं सतर्कता) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
वहीं एके कश्यप को क्षेत्रीय प्रबंधक, वन निगम गोरखपुर से स्थानांतरित कर लखनऊ में तैनाती दी गई है। शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान के निदेशक सूरज को वर्तमान पद के साथ वन निगम गोरखपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
वन विभाग में प्रशासनिक मजबूती की कवायद
सरकार के इस फैसले को वन प्रबंधन, संरक्षण कार्यों और प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के नए दायित्वों के साथ विभिन्न वन प्रभागों में कार्यों की गति और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
