पंजाब

पंजाब में BJP का बढ़ा कुनबा! CM सैनी की मौजूदगी में 3 दर्जन से ज्यादा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने थामा पार्टी का दामन

चंडीगढ़: पंजाब के लहरागागा और सतराणा हल्का क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को उस समय राजनीतिक मजबूती मिली, जब पटियाला, मानसा, संगरूर, पातड़ा और लहरागागा से जुड़े तीन दर्जन से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल से जुड़े रहे कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ता, कारोबारी, किसान, ठेकेदार, पूर्व सैनिक और अन्य वर्गों के लोग भाजपा में शामिल हुए।

CM सैनी बोले- लगातार बढ़ रहा भाजपा का परिवार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा का परिवार लगातार विस्तार कर रहा है। अलग-अलग वर्गों के लोगों का पार्टी से जुड़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों में बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार से जनता का मोहभंग हो चुका है। जिन उम्मीदों के साथ लोगों ने आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, वे पूरी नहीं हुईं। ऐसे में जनता अब विकल्प के रूप में भाजपा की ओर उम्मीद से देख रही है।

जनसेवा और विकास को बताया भाजपा का एजेंडा
नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव के समय जनता के बीच जाने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि लगातार जनसेवा और विकास के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति जनता के मुद्दों से दूर होती जा रही है, जबकि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा के एजेंडे के साथ आगे बढ़ रही है।

लहरागागा में बढ़ेगा पार्टी का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि लहरागागा में विभिन्न वर्गों के लोगों का भाजपा से जुड़ना आने वाले समय में पार्टी को और मजबूती देगा। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है और आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है। उनके मुताबिक क्षेत्र में लोगों का भाजपा के साथ जुड़ना बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है।

कई प्रमुख नामों ने ली भाजपा की सदस्यता
भाजपा में शामिल होने वालों में ओलंपिक अवॉर्डी मनप्रीत कौर, किसान यूनियन से जुड़े निर्मल सिंह, किसान रामपाल लब्बल, कारोबारी दीपक गर्ग, अमितपाल सिंह और सुखजीत शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता दौली राम, तारा सिंह, सुशील कुमार और मनदीप सिंह शामिल रहे। इनके अलावा प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े बलविंदर सिंह और ठेकेदार सुखविंदर सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल से जुड़े रहे कई नेता और कार्यकर्ता भी इस दौरान भाजपा में शामिल हुए।

भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री रांझा बख्शी, ओबीसी मोर्चा भाजपा से ज्ञानचंद सैनी, भाजपा संगरूर के उपाध्यक्ष बलजीत सिंह, भाजपा पटियाला की जिला अध्यक्ष काजल, भाजपा मानसा से सोशल मीडिया प्रभारी लक्की शर्मा, एससी मोर्चा के जिला प्रधान शिवपाल, कोटड़ा मंडल अध्यक्ष सुखनिंद सिंह और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बलविंद्र सिंह समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।