बिहार में रिश्तों का खौफनाक कत्ल! खाना परोसने पर हुआ विवाद, देवर ने भाभी का सिर धड़ से किया अलग
जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। परसबिगहा थाना क्षेत्र के चैनपुरा इमादपुर गांव में मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपनी भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। आरोप है कि खाना परोसने के दौरान हुए विवाद से नाराज होकर आरोपी ने गंडासी से हमला कर भाभी का सिर धड़ से अलग कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खाना परोसने के दौरान हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब नौ बजे परिवार के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत में गए हुए थे। घर पर मौजूद आरोपी कुणाल कुमार ने अपनी भाभी अंशु से खाना मांगा। जब अंशु खाना परोसने पहुंचीं तो उनके हाथ में कुछ मिट्टी लगी हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गुस्से में किया जानलेवा हमला
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले अपनी भाभी को जमीन पर पटक दिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद पास में रखी गंडासी से उन पर हमला कर दिया। हमले में 22 वर्षीय अंशु कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कुणाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
एक साल पहले हुई थी शादी
मृतका अंशु कुमारी की शादी करीब एक वर्ष पहले धर्मेंद्र कुमार से हुई थी। घटना की सूचना उनके मायके वालों को दे दी गई है। अंशु का मायका अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोनपुरा गांव में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
