उत्तर प्रदेशलखनऊ

‘युवाओं को बेरोजगार करने का पाप किया’… गोरखपुर से विपक्ष पर सीएम योगी का तीखा हमला, 994 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे के दौरान जिले को 994 करोड़ रुपये से अधिक की 14 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा कांग्रेस पर कानून-व्यवस्था, रोजगार, आस्था और चीनी मिलों के मुद्दे पर तीखा हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन के कार्यकाल में 29 चीनी मिलों को बंद किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय किया और उन्हें बेरोजगार करने का पाप किया।

आस्था के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कभी आस्था पर प्रहार करते थे, आज वही खुद को आस्था का सबसे बड़ा समर्थक बताने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अपने शासनकाल में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में बाधाएं खड़ी कीं और रामभक्तों पर गोली चलवाई, जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और मंदिर आंदोलन के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का आस्था पर उपदेश देना हास्यास्पद है।

2017 से पहले कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। त्योहारों के दौरान दंगे होते थे, कांवड़ यात्रा प्रभावित होती थी और व्यापारी, किसान तथा महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर माहौल बनाया है, जिससे निवेश बढ़ा और रोजगार के नए अवसर तैयार हुए हैं।

सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार का दावा

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में बिना किसी भेदभाव के नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि निजी निवेश के जरिए 65 लाख लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री के अनुसार ‘एक जिला, एक उत्पाद’ योजना ने करोड़ों युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं।

गोरखपुर के विकास का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी माफिया और इंसेफ्लाइटिस के लिए चर्चित रहने वाला गोरखपुर अब निवेश, पर्यटन और रोजगार का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने रामगढ़ताल का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र पर्यटन और आजीविका का बड़ा केंद्र बन चुका है, जहां पर्यटन गतिविधियों के साथ फिल्म शूटिंग भी बढ़ी है।

कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने भी मुख्यमंत्री की विकास योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गोरखपुर की तस्वीर बदल गई है।