तीन महीने तक मुफ्त इलाज और स्वास्थ्य परामर्श… ऋषिकेश में शुरू होगा बड़ा प्राकृतिक चिकित्सा अभियान, योग-ध्यान से स्वस्थ जीवन का संदेश
ऋषिकेश: आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच प्राकृतिक चिकित्सा, योग और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जगद्गुरुत्तम सेवा समिति (जेएसएस) ने सितंबर, अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित करने की घोषणा की है। तीन महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रत्येक माह तीन चरणों में पांच-पांच दिवसीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, योग, प्राकृतिक जीवनशैली और संतुलित आहार से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऋषिकेश के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
समग्र कायाकल्प केंद्र में प्राकृतिक चिकित्सा को मिल रहा बढ़ावा
परम पूज्य जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज की प्रेरणा से संचालित समग्र कायाकल्प केंद्र ऋषिकेश और वृंदावन में प्राकृतिक चिकित्सा, योग और आध्यात्मिक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहा है। समिति के अनुसार महाराज श्री के शिष्य श्री राधेश्याम कथूरिया के मार्गदर्शन में संचालित इस केंद्र में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। यहां परामर्श और उपचार की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
योग, ध्यान और संतुलित आहार को बताया बेहतर स्वास्थ्य का आधार
केंद्र के प्रमुख डॉ. एस. शिवा कुमार, डॉ. बलजीत आर्य और डॉ. करुणा त्रिपाठी के अनुसार स्वस्थ शरीर और संतुलित मन के लिए नियमित योग, ध्यान, प्राकृतिक एवं संतुलित आहार तथा अनुशासित दिनचर्या बेहद आवश्यक है। उनका कहना है कि मानसिक तनाव आज जीवनशैली से जुड़ी अनेक समस्याओं की प्रमुख वजह बन चुका है और योग व प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाकर मानसिक शांति तथा शारीरिक संतुलन बनाए रखा जा सकता है।
चिकित्सकों के मुताबिक प्राकृतिक चिकित्सा केवल रोगों के लक्षणों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि व्यक्ति की संपूर्ण जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर देती है। समय पर भोजन, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम, प्राकृतिक आहार और तनावमुक्त दिनचर्या को स्वस्थ जीवन के प्रमुख आधार बताया गया है।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया जाएगा जागरूक
समिति ने बताया कि समग्र कायाकल्प केंद्र में आने वाले लोगों को शरीर की प्राकृतिक क्षमता बनाए रखने के लिए प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने का संदेश भी दिया जाता है। योग, ध्यान और संतुलित आहार के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ नियमित दिनचर्या, नशामुक्त जीवन, संतुलित भोजन और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
सितंबर से नवंबर तक इस तरह लगेंगे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर
सितंबर 2026
- 5 से 9 सितंबर
- 12 से 16 सितंबर
- 23 से 27 सितंबर
अक्टूबर 2026
- 2 से 6 अक्टूबर
- 10 से 14 अक्टूबर
- 24 से 28 अक्टूबर
नवंबर 2026
- 1 से 5 नवंबर
- 14 से 18 नवंबर
- 25 से 29 नवंबर
