Tuesday, July 21, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

6 दिन बाद घर लौटा परिवार का लाडला ‘माऊ’, 50 हजार रुपये देकर वापस लाए पालतू तोता

आगरा: छह दिन की तलाश, सैकड़ों फर्जी कॉल और 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा के बाद आगरा के आयकर अधिवक्ता सुनील सिंह का पालतू तोता ‘माऊ’ आखिरकार अपने परिवार के पास लौट आया। रविवार को तोते के घर पहुंचते ही परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और पूरे घर में भावुक माहौल बन गया।

वीडियो कॉल से हुई पहचान, तय जगह पर मिला तोता

सुनील सिंह ने बताया कि रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने वीडियो कॉल के जरिए माऊ को दिखाया, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हो गई। इसके बाद शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में दोनों पक्षों की मुलाकात हुई। सुनील सिंह के अनुसार, चेहरा ढके व्यक्ति ने 50 हजार रुपये लेने के बाद तोता उन्हें सौंप दिया। उन्होंने यह भी बताया कि उस व्यक्ति ने किसी को जानकारी देने पर तोता वापस न करने की चेतावनी दी थी।

घर पहुंचते ही परिवार के नाम पुकारने लगा माऊ

घर लौटते ही माऊ ने परिवार के सदस्यों के नाम पुकारना शुरू कर दिया। वह सुनील सिंह की पत्नी ममता सिंह के कंधे पर बैठ गया और लंबे समय तक उनके साथ ही रहा। बेटी सृष्टि भी अपने प्रिय पालतू को देखकर भावुक हो गई। परिवार ने माऊ का स्वागत उसकी पसंदीदा चीजें खिलाकर किया, जिसमें देशी घी का डोसा और फल शामिल थे।

तेज हवा में उड़ गया था, तलाश में लगे थे होर्डिंग

सुनील सिंह ने बताया कि माऊ उनके परिवार का अभिन्न हिस्सा है। वह उन्हें “पापा” और उनकी पत्नी को “मम्मी” कहकर पुकारता है। 13 जुलाई को तेज हवा के दौरान वह उनके कंधे से उड़ गया था। इसके बाद उसकी तलाश के लिए शहरभर में होर्डिंग लगाए गए और 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई।

1500 से ज्यादा कॉल आए, कई लोगों ने किया फर्जी दावा

तोते की तलाश के दौरान परिवार को करीब 1500 फोन कॉल मिले। इनमें कई लोगों ने माऊ मिलने का झूठा दावा करते हुए एडवांस में पैसे मांगने की कोशिश भी की। हालांकि आखिरकार परिवार को उनका पालतू तोता सुरक्षित वापस मिल गया।

इंडियन रिंगनेक नस्ल का है माऊ

माऊ इंडियन रिंगनेक नस्ल का तोता है। छह दिन बाद उसके सकुशल लौट आने से परिवार की चिंता खत्म हो गई और घर की रौनक फिर से लौट आई।