लखवाड़ परियोजना पर बड़ा फैसला, मुख्य सचिव का सख्त निर्देश; 2031 तक हर हाल में पूरा होगा निर्माण कार्य
देहरादून: उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2031 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने परियोजना के विभिन्न निर्माण चरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि कई राज्यों के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने उत्तराखंड जल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक को निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित संस्थाओं से अगले दो से तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।
मशीनरी और मैनपावर बढ़ाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए मशीनरी और मानव संसाधन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड जल विद्युत निगम ने पहले इस परियोजना को दिसंबर 2034 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब इसे वर्ष 2031 तक पूरा करने के लिए कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की प्रत्येक गतिविधि के लिए पर्ट चार्ट तैयार किया जाए और उसके अनुसार कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
तकनीकी परीक्षण और नियमित समीक्षा पर जोर
मुख्य सचिव ने सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण विशेषज्ञों की निगरानी में अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़ी सभी संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा हो।
उन्होंने कार्यदायी संस्था एलएंडटी और उत्तराखंड जल विद्युत निगम के अधिकारियों को परियोजना स्थल पर मौजूद रहकर दैनिक, पाक्षिक और मासिक स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
मुआवजा वितरण जल्द पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने केंद्रीय जल आयोग की ओर से अपेक्षित सभी तकनीकी परीक्षण शीघ्र कराने पर बल दिया। इसके साथ ही अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे का वितरण भी जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखंड जल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह, एलएंडटी के महाप्रबंधक प्रभु कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
