35-35 करोड़ के ऑफर से सरकार गिराने की साजिश? ‘प्रोजेक्ट मेघालय’ पर बड़ा खुलासा, 9 गिरफ्तार, जांच तेज
चेन्नई: तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की सरकार को कथित रूप से अस्थिर करने की साजिश से जुड़े ‘प्रोजेक्ट मेघालय’ मामले की जांच चेन्नई पुलिस ने तेज कर दी है। इस मामले में अब तक 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोप है कि TVK के 15 विधायकों को पार्टी छोड़ने और विधानसभा में व्हिप के खिलाफ मतदान करने के लिए 35-35 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया गया था।
विवाद की शुरुआत उथंगराई से TVK विधायक एन. एलैयाराजा की शिकायत के बाद हुई। विधायक ने आरोप लगाया कि यूट्यूबर थिरुनावुक्कारासु, जो ओपिनियन पोलिंग ग्रुप IDPS का संचालन करते हैं, और उनके साथ जुड़े अन्य लोगों ने उन्हें विधानसभा में पार्टी के निर्देशों के खिलाफ वोट करने के बदले 35 करोड़ रुपये देने की पेशकश की।
एलैयाराजा का कहना है कि जब उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिलने लगीं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि ‘प्रोजेक्ट मेघालय’ नाम की कथित योजना के तहत करीब 15 TVK विधायकों से संपर्क कर उन्हें धन का लालच देकर पार्टी छोड़ने के लिए तैयार करने की कोशिश की गई थी।
सीनियर पत्रकार से भी हुई पूछताछ
जांच के दौरान इस सप्ताह पुलिस ने क्षेत्रीय समाचार चैनल पुथिया थलाइमुराई के वरिष्ठ पत्रकार विजयन से भी पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, जांच में मिले सबूतों से मुख्य आरोपी थिरुनावुक्कारासु और विजयन के बीच संपर्क होने के संकेत मिले हैं। साथ ही दोनों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान भी सामने आया है।
15 और 16 जुलाई को हुई पूछताछ के बाद पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए विजयन का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।
चेन्नई प्रेस क्लब ने जताया विरोध
पत्रकार से पूछताछ और मोबाइल जब्त किए जाने की कार्रवाई पर चेन्नई प्रेस क्लब ने कड़ी आपत्ति जताई है। क्लब का आरोप है कि विजयन से देर रात तक पूछताछ की गई, उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना उनका फोन जब्त किया गया और अगले दिन फिर से बुलाया गया। क्लब ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की जा रही है।
पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी और उनके भाई को भी नोटिस
इस मामले में DMK के पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी और उनके भाई अशोक को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। दूसरी ओर DMK ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि TVK राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से बेबुनियाद आरोप लगा रही है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले में कानूनी तरीके से जवाब देगी।
पूरे नेटवर्क और फंडिंग की जांच जारी
रिश्वत की कथित कोशिश के मामले में अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच में ‘प्रोजेक्ट मेघालय’ नाम की कथित साजिश का जिक्र सामने आया है, जिसका उद्देश्य विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार को गिराना बताया जा रहा है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और फंडिंग के स्रोतों की गहन पड़ताल कर रही हैं।
