यूपी के संडीला इंडस्ट्रियल एरिया की बदलेगी तस्वीर, 115 करोड़ की विकास परियोजनाओं को मंजूरी; उद्योगों को मिलेगा बड़ा फायदा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने हरदोई के संडीला औद्योगिक क्षेत्र के व्यापक विकास के लिए 115 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य औद्योगिक अवसंरचना को मजबूत बनाना, निवेशकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और पूरे औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप देना है।
ड्रेनेज, सड़क और प्रवेश द्वार का होगा विकास
यूपीसीडा की ओर से संडीला औद्योगिक क्षेत्र में मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही फेज-एक, फेज-दो, फेज-तीन और फेज-चार में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिससे जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और औद्योगिक गतिविधियों को सुचारु संचालन में मदद मिलेगी।
सीसी सड़कें और मजबूत होगा सड़क नेटवर्क
परियोजना के तहत औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न सड़कों का सीसी पेवमेंट के माध्यम से उन्नयन किया जाएगा। इसके अलावा रिटेनिंग वॉल का निर्माण और सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने का कार्य भी किया जाएगा, जिससे उद्योगों तक आवागमन आसान होगा और परिवहन व्यवस्था में सुधार आएगा।
निवेशकों को मिलेगा बेहतर औद्योगिक माहौल
यूपीसीडा का उद्देश्य संडीला औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक और निवेशक-अनुकूल बनाना है। 115 करोड़ रुपये से अधिक की इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक अवसंरचना मजबूत होगी, जिससे नए निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ मौजूदा उद्योगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
